घर पर ही रहकर करें पूजा अर्चना, घर पर ही मनायें त्यौहार

शांति समिति की बैठक में संक्रमण से बचाव के लिये हुये निर्णय

कटनी  वैश्विक महामारी कोरोना वायरस संक्रमण के कठिन दौर में सभी नागरिक घर पर ही रहकर पूजा अर्चना करें और आगामी समय में आने वाले त्यौहारों को सोशल डिसटेन्स का पालन करते हुये घर पर ही मनायें। इस आशय की अपील कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट शशिभूषण सिंह की अध्यक्षता में सम्पन्न आगामी त्यौहारों पर कानून और व्यवस्था बनाये रखने संबंधी जिलास्तरीय शांति समिति की बैठक में की गई। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक ललित शाक्यवार, अपर कलेक्टर साकेत मालवीय, एसडीएम बलबीर रमन, सीएसपी एस0के0 शुक्ला, डिप्टी कलेक्टर नदीमा शीरी, संघमित्रा गौतम, तहसीलदार मुनौव्वर खान, थाना प्रभारी विपिन सिंह, पूर्व महापौर शशांक श्रीवास्तव, समिति के सदस्य गुमान सिंह, मिट्ठू लाल जैन, मिथलेश जैन, पीताम्बर टोपनानी व अन्य सदस्य भी उपस्थित थे।

            शांति समिति की बैठक में निर्णय लिया गया कि कोरोना वायरस संक्रमण पूरे देश में फैल रहा है। जिले में भी संक्रमितों की संख्या में बढोतरी और लोक सुरक्षा की दृष्टि से सप्ताह में शानिवार, रविवार दो दिवस सम्पूर्ण लॉकडाउन तथा प्रतिदिवस रात्रि में 8 बजे से प्रातः 8 बजे तक रात्रिकालीन कर्फ्यू लागू होने के साथ ही संक्रमण से बचाव के लिये राज्य शासन एवं केन्द्र शासन के द्वारा जारी प्रतिबंधात्मक आदेश क्रियाशील हैं। जुलाई के अंतिम सप्ताह और अगस्त माह में मनाये जाने वाले सभी त्यौहार शांतिपूर्वक और सावधानियों का पालन करते हुये अपने-अपने घरों में पारिवारिक सदस्यों के बीच ही मनाने का निश्चय किया गया है।

            जिले में 25 जुलाई को नागपंचमी, एक अगस्त को बकरीद, 3 अगस्त को रक्षाबंधन, 4 अगस्त को कजलियां, 11 अगस्त को जन्माष्टमी, 22 अगस्त को गणेश स्थापना और 31 अगस्त को गणेश विसर्जन तथा 29 अगस्त को मोहर्रम के त्यौहार मनाये जायेंगे। सभी त्यौहारों पर धार्मिक स्थल या सार्वजनिक स्थलों पर सामूहिक कार्यक्रम आयोजित नहीं किये जायेंगे। सभी त्यौहार अपने-अपने घरों में पारिवारिक सदस्यों के साथ मनाये जायेंगे। गणेश चतुर्थी पर गणेश स्थापना घरों में ही की जा सकेगी। इसी प्रकार बकरीद की नमाज घरों पर ही अदा करने की अपील की गई है। मंदिर और धार्मिक स्थलों में त्यौहारों के समय आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। कजलियों का विसर्जन भी नदी या तालाबों में नहीं किया जाकर घरों में ही किया जायेगा। कजलियां मेला भी आयोजित नहीं होगा। मोहर्रम के अवसर पर ताजिये का जुलूस, विसर्जन प्रतिबंधित होगा। रक्षा बन्धन के अवसर पर सड़कों पर राखी की दुकान और बाजार में अनावश्यक भीड़भाड़ नहीं होने दी जायेगी। राखी की दुकानें फॉरेस्टर प्लेग्राउण्ड और माधवनगर के उत्कृष्ट विद्यालय के ग्राउण्ड में लगेंगी। सोशल डिस्टेन्स का पालन करते हुये रक्षाबंधन की खरीददारी शुक्रवार के पहले तक कर लेने की सलाह दी गई है।

            कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि कोरोना संक्रमण की रफ्तार दिनोंदिन बढ़ रही है। केन्द्र शासन और राज्य शासन द्वारा लोक सुरक्षा के लिये जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन कराया जायेगा। उन्होने कहा कि जिले में कोरोना वायरस संक्रमण के प्रसार की प्रभावी रोकथाम के लिये 20 आरआरटी गठित की गई हैं। इसके अलावा जिला और अनुविभाग स्तर पर कन्ट्रोल रुम 24 घंटे कार्यरत है। जिले के नागकिों ने जिस समझदारी और सौहार्दता का परिचय अब तक दिया है। उसे आगे भी जारी रखते हुये जिला प्रशासन के साथ सहयोग कर कोरोना संक्रमण की लड़ाई में अपना योगदान दें। अपने आस-पास पाये जाने वाले संदिग्ध संक्रमित व्यक्ति एवं बाहर के राज्यों से आये लोगों की जानकारी प्रशासन को तत्काल दें। सोशल डिस्टेन्स और मास्क लगाना तथा आवश्यक सावधानियां बरतने का मूल कर्तव्य और जिम्मेदारी संकट के समय हर नागरिक की है। उन्होने कहा कि दुकानों, परिसरों में 5 व्यक्ति से अधिक एक साथ उपस्थित नहीं रहें अन्यथा दुकान को सील कर विधि अनुसार कार्यवाही की जायेगी। वर्तमान संकट का समय जीवन को बचाने का समय है। सभी नागरिकों को सावधानियों का अनुशासन अपनाना ही होगा।

            पुलिस अधीक्षक ललित शाक्यवार ने कहा कि वैश्विक महामारी के दौर में अपना कटनी जिला सम्पूर्ण जिले के नागरिकों की समझदारी और सहयोग से लम्बे समय तक ग्रीन जोन का सुरक्षित जिला रहा है। सभी जिम्मेदार नागरिकों ने कोरोना के विरुद्ध लड़ाई में कोरोना वॉरियर्स की भूमिका में सहयोग कर सम्मान बढ़ाया है। अनुशासन और सावधानियों का पालन कर सभी नागरिकों के सहयोग से कोरोना के संकट से जिले को मुक्त रख सकते हैं।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें