मुख्य सचिव ने अधिकारियों को स्वच्छता से सेवा पखवाड़े के संबंध में दिए निर्देश
(सतना) मुख्य सचिव श्री अनुराग जैन ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से स्वच्छता से सेवा पखवाड़े के संबंध में निर्देश दिए। मुख्य सचिव ने कहा कि सभी कलेक्टर पखवाड़े में निर्धारित दिवसों के लिए तय गतिविधियों का कैलेण्डर बना लें। शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में इन गतिविधियों से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करें। इन कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संगठनों और आमजनता की भी भागीदारी का प्रयास करें। पखवाड़े में ग्रामीण विकास विभाग और शहरी विकास विभाग द्वारा स्वच्छोत्सव मनाया जाएगा। इसमें अस्वच्छ स्थलों का चयन कर विशेष साफ-सफाई अभियान चलाएं। पखवाड़े में 25 सितम्बर को एक घंटा सार्वजनिक स्थल, महत्वपूर्ण जल स्रोतों अथवा सार्वजनिक स्थल पर सामूहिक रूप से स्वच्छता का अभियान चलाएं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा पखवाड़े की अवधि में जिला से लेकर प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र स्तर तक निःशुल्क स्वास्थ्य जाँच शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इसमें गर्भवती महिलाओं सहित सभी महिलाओं के स्वास्थ्य की निःशुल्क जाँच की जाएगी। महिला एवं बाल विकास विभाग तथा स्वास्थ्य विभाग मिलकर शिशुओं का पोषण स्तर बढ़ाने, महिलाओं की स्वास्थ्य रक्षा से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करेंगे। प्रत्येक आंगनवाड़ी केन्द्र तक आयोजित कार्यक्रम की रिपोर्टिंग पोर्टल में अनिवार्य रूप से करें। मुख्य सचिव ने कहा कि पखवाड़े की अवधि में जनजातीय कार्य विभाग द्वारा आदि कर्मयोगी अभियान चलाया जाएगा। इसमें शामिल सात विभाग जनजातियों के कल्याण के लिए समन्वय से योजनाओं का क्रियान्वयन करेंगे। संस्कृति विभाग द्वारा राज्य स्तर, संभाग स्तर तथा जिला स्तर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सभी जिलों में 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर की अवधि में रक्तदान शिविर, निःशुल्क स्वास्थ्य जाँच शिविर, वृक्षारोपण तथा पर्यावरण संरक्षण के कार्यक्रम आयोजित करें। इसी अवधि में नवरात्रि और दशहरे का पर्व होगा। दशहरे में प्रतिमाओं के विसर्जन के संबंध में लोगों को जागरूक करें। जलाशयों में केवल प्रतिमाओं का विसर्जन होगा। पर्यावरण को हानि पहुंचाने वाले पदार्थ विसर्जन के समय जलाशयों में न डाले जाएं। इसके लिए लोगों को जागरूक करें। पखवाड़े में डिजिटल साक्षरता, डिजिटल पेमेंट को बढ़ावा देने के लिए भी कार्यक्रम आयोजित करें। डिजिटल पेमेंट पर छोटे व्यापारियों को 100 रुपए तथा थोक व्यापारियों को 400 रुपए प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। पखवाड़े की अवधि में पीएम स्वनिधि स्ट्रीट वेंडर योजना से पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करें। योजना नए प्रावधानों के साथ पुनः शुरू हो गई है। इसमें पहली बार 15 हजार रुपए, इसके बाद 25 हजार रुपए तथा अंत में 50 हजार रुपए दिए जाएंगे। जो हितग्राही दो किश्तों का सही उपयोग करेगा उसे 30 हजार रुपए का क्रेडिट कार्ड भी दिया जाएगा। अभियान के दौरान की जाने वाली गतिविधियों का सोशल मीडिया, प्रिंट मीडिया तथा इलेक्ट्रॉनिक मीडिया पर समुचित प्रचार-प्रसार करें। विभिन्न पोर्टलों पर गतिविधियों की समय पर रिपोर्टिंग करें। अभियान के दौरान दिव्यांगों को भी विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित करें। मुख्य सचिव ने अधिकारियों को त्यौहारों के दौरान कानून और व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में भी निर्देश दिए। कलेक्टर कार्यालय सतना के एनआईसी केन्द्र में कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस, सीईओ जिला पंचायत संजना जैन, कमिश्नर नगर निगम शेर सिंह मीना, सहायक कलेक्टर अनिकेत शांडिल्य सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। मैहर जिले में कलेक्टर रानी बाटड और अपर कलेक्टर शैलेन्द्र सिंह मुख्य सचिव की वीडियो कान्फ्रेंसिग में शामिल हुए।
