पशु चिकित्सकों, सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्राधिकारियों एवं मैत्री कार्यकर्ताओं को दिया गया प्रशिक्षण

जिला स्तरीय रिफ्रेशर प्रशिक्षण आयोजित

(कटनी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा अनुरूप प्रदेश में दुग्‍ध उत्पादन को 9 प्रतिशत से बढ़़ाकर आगामी वर्षों में 20 प्रतिशत ले जाने के लक्ष्‍य के साथ दुग्ध समृद्धि संपर्क अभियान का द्वितीय चरण प्रारंभ किया जा रहा है। इसी क्रम में कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देश पर जिला उद्योग केन्द्र सभागार कटनी में जिले के समस्त पशु चिकित्सकों, सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्राधिकारियों एवं मैत्री कार्यकर्ताओं का जिला स्तरीय रिफ्रेशर प्रशिक्षण आयोजित किया गया।

          उपसंचालक पशुपालन एवं डेयरी विभाग डॉ. आर के सोनी ने बताया कि इस अभियान में ऐसे सभी पशुपालक जिनके पास 5 से लेकर 9 तक गौवंश एवं भैंस वंशीय पशु हैं, उनको चिन्हित कर, उनके ग्राम या वार्डों में गृह भेंट देकर पशु स्वास्थ्य, पशु पोषण एवं नस्‍ल सुधार के बारे में जानकारी देकर, पशुपालन को कैसे लाभकारी व्यवसाय बनाया जाए इस पर जानकारी दी जाएगी।

          दुग्ध उत्पादन बढ़ाने हेतु उत्तम पोषण आहार, चारा उत्पादन, पशु रोग टीकाकरण, बधियाकरण, उपचार के महत्व तथा नस्ल सुधार के क्षेत्र में कृत्रिम गर्भाधान, सेक्स सॉर्टेड सीमेन से कृत्रिम गर्भाधान, नियमित पशु गर्भ जांच, बांझ पशुओ का उपचार जैसे विभिन्न उपायों के बारे में पशुपालन विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों व मैत्री कार्यकर्ताओं द्वारा पशु पालकों को व्यक्तिगत संवाद से अवगत कराया जायेगा। विभागीय स्टाफ एवं मैत्री कार्यकर्ताओं द्वारा पशुपालकों से उनके ही परिवेश, बोली, भाषा में संवाद कौशल का उपयोग करने हेतु विशेष प्रशिक्षण माड्यूल के साथ यह प्रशिक्षण दिया जा रहा है जो कि विकास खंड स्तर पर भी दिया जायेगा।

          प्रशिक्षण में जिले के सभी विकास खंडों के 9 पशु चिकित्सक, 23 सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्राधिकारी, 38 मैत्री कार्यकर्ता एवं गौ सेवक उपस्थित रहे। प्रशिक्षण जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनरों द्वारा दिया गया।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें