शहर में शुद्ध पेयजल को लेकर नगर निगम की सख्त सतत निगरानी
वार्डों में पानी सप्लाई के दौरान रहवासियों से चर्चा एवं जल नमूनों को संग्रहित करने का कार्य जारी
(कटनी) – शहरवासियों तक स्वच्छ पेयजल पहुंचे, इसके लिए नगर निगम कटनी पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देश पर निगम की जल प्रदाय की टीम द्वारा रोजाना वार्डो में पानी सप्लाई के दौरान नागरिकों से पेयजल की गुणवत्ता के संबंध में चर्चा की जाकर विभिन्न स्थलों से जल के नमूने संग्रहित किये जा रहे है। इसके अतिरिक्त पाइपलाइन की जांच कार्य के अलावा पेयजल स्त्रोतों टंकी ओवरहेड टैंक ट्यूबवेल आदि की भी सफाई का कार्य निरंतर जारी है ताकि नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण शुद्ध जल उपलब्ध कराया जा सके।
शहर में नलों के माध्यम से शुद्ध जल सप्लाय सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम की टीम लगातार विभिन्न वार्डों के घरेलू एवं सार्वजनिक उपयोग के नलों से अब तक कुल 768 से अधिक पानी के सैंपल लेकर उनकी गुणवत्ता की जांच की जा चुकी है। इसी क्रम में बुधवार को भी राम कृष्ण परमहंस वार्ड, संत कंवरराम वार्ड रॉबर्ट लाईन, विश्राम बाबा वार्ड न्यू हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी , बाबा नारायण शाह वार्ड, विवेकानंद वार्ड शेयर मार्केट गली, बाबू जगजीवन राम वार्ड सहित नगर के अन्य स्थलों से पानी के नमूनों को संग्रहित किया जाकर जांच हेतु प्रयोगशाला भेजने का कार्य किया गया।
कार्यपालन यंत्री श्री सुधीर मिश्रा जल प्रदाय शाखा ने बताया कि बुधवार 28 जनवरी प्रातः तक नगर निगम सीमान्तर्गत विभिन्न वार्डो से एकत्रित किये जाने वाले 768 से अधिक जल नमूनों की जांच पूर्ण की जा चुकी है, वहीं 219 जल रिसाव (लीकेज) की मरम्मत कराई गई है। इसी प्रकार अब तक नगर के विभिन्न कुल 19 ओएचटी, संपवेल की सफाई का कार्य कराया गया है। इसके अतिरिक्त अब तक 28 से अधिक ट्यूबवेल की मरम्मत का कार्य भी कराया जा चुका हैं। निगम प्रशासन द्वारा नगरीय क्षेत्रों में सुरक्षित एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में सतत और प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। वहीं नागरिकों से अपील भी निरंतर अपील भी की जा रही है कि जल संबंधी समस्या होने पर इसकी सूचना हेल्पलाइन नंबर 9351136230 अथवा निगम कार्यालय में अवश्य दें, जिससे समय पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

