“उपायुक्त शैलेश गुप्ता की बैंक प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक, पीएम आवास योजना व पीएम स्वनिधि के लंबित ऋण मामलों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश”

(कटनी)  नगर निगम कटनी के माध्यम से संचालित शासन की महत्वपूर्ण प्रधानमंत्री आवास योजना एवं प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को समयबद्ध लाभ दिलाने के उद्देश्य से बुधवार को नगर निगम उपायुक्त श्री शैलेश गुप्ता ने नगर के विभिन्न बैंक प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में उपायुक्त श्री गुप्ता ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक शीघ्र एवं पारदर्शी रूप से पहुँचना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत निर्मित ईडब्ल्यूएस आवास एवं प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत स्ट्रीट वेंडर्स के ऋण स्वीकृति प्रकरणों में  समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने की बात कही।

उन्होंने स्पष्ट किया कि ऋण स्वीकृति में देरी से योजनाओं के मूल उद्देश्य प्रभावित होते हैं, अतः सभी बैंक आपसी समन्वय के साथ प्रकरणों में शीघ्रता लाएं, जिससे हितग्राहियों को समय पर लाभ मिल सके।

बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना के नोडल अधिकारी श्री अनिल जायसवाल ने योजना की जानकारी देते हुए बताया कि यह प्रधानमंत्री की महत्वाकांक्षी योजना है। योजना के अंतर्गत हितग्राही को पंजीयन हेतु 20 हजार रुपये तथा पात्रता निर्धारण उपरांत 1 लाख 80 हजार रुपये की राशि डीडी अथवा नकद के माध्यम से जमा करनी होती है। इसके पश्चात नगर निगम, बैंक एवं हितग्राही के मध्य त्रिपक्षीय अनुबंध किया जाता है। योजना में केंद्र एवं राज्य शासन का अंशदान भी सम्मिलित है। उन्होंने बताया कि निगम प्रशासन द्वारा ईडब्ल्यूएस आवासों का निर्माण पूर्णता की ओर है, जिनका शीघ्र ही वितरण किया जाएगा।

बैठक के दौरान बैंक प्रतिनिधियों द्वारा आवश्यक दस्तावेजों की उपलब्धता का विषय उठाए जाने पर उपायुक्त श्री गुप्ता ने निगम अधिकारियों को हितग्राहियों के दस्तावेज, स्थल लेआउट की प्रति, त्रिपक्षीय अनुबंध का प्रारूप एवं पृथक-पृथक विवरण शीघ्र बैंकों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही हितग्राहियों के होल्ड खातों से संबंधित मामलों में समन्वय स्थापित कर जमा राशि की वापसी हेतु आवश्यक पत्राचार करने के भी निर्देश दिए गए।

इसके अतिरिक्त प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत विभिन्न बैंकों में लंबित ऋण प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त श्री गुप्ता ने बैंक प्रतिनिधियों से अपील की कि स्ट्रीट वेंडर्स के प्रकरणों पर शीघ्र कार्यवाही कर उन्हें स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित किया जाए। बैठक में उपयंत्री श्री जयेंद्र प्रताप सिंह, सिटी मिशन मैनेजर श्री यश रजक, सहायक लेखाधिकारी श्री श्रीकांत तिवारी सहित स्टेट बैंक मुड़वारा, एचडीएफसी बैंक, एक्सिस बैंक सहित अन्य बैंकों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें