गणतंत्र दिवस: कैमोर थाना परिसर में शान से लहराया तिरंगा, थाना प्रभारी आशीष शर्मा ने दी राष्ट्रध्वज को सलामी
(कैमोर) गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर कैमोर थाना परिसर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी थाना परिसर में गरिमामय एवं अनुशासित समारोह का आयोजन किया गया जिसमें कैमोर थाना प्रभारी आशीष शर्मा ने समस्त पुलिस बल की उपस्थिति में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया और उसे सलामी दी।
ध्वजारोहण के उपरांत थाना परिसर में उपस्थित अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों द्वारा सामूहिक रूप से राष्ट्रगान का गायन किया गया। इस दौरान “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के गगनभेदी नारों से पूरा परिसर गूंज उठा और वातावरण देशप्रेम की भावना से सराबोर हो गया।
इस अवसर पर थाना प्रभारी आशीष शर्मा ने गणतंत्र दिवस के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए पुलिसकर्मियों को संविधान के प्रति निष्ठा, कर्तव्यपरायणता, अनुशासन एवं राष्ट्रसेवा की भावना के साथ अपने दायित्वों के निर्वहन का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस बल देश की आंतरिक सुरक्षा की रीढ़ है और सेवा, समर्पण व बलिदान ही उसकी पहचान है।
कार्यक्रम शांतिपूर्ण, अनुशासित एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ, जिसमें समस्त पुलिस स्टाफ की सराहनीय सहभागिता रही।
