जेसीआई ने विलक्षण प्रतिभाओं को किया “प्रतिभा श्री सम्मान” से अलंकृत

(लखनऊ) अपनी असाधारण प्रतिभा से प्रदेश और देश में विशिष्ट पहचान बनाने वाली विभूतियों को जर्नलिस्ट काउंसिल ऑफ इंडिया (जेसीआई) द्वारा “प्रतिभा श्री सम्मान” से सम्मानित किया गया। यह गरिमामय सम्मान समारोह लखनऊ स्थित अंतरराष्ट्रीय बोध शोध संस्थान में आयोजित हुआ। कार्यक्रम का आयोजन लता फाउंडेशन एवं ब्लू टर्टल प्रोडक्शंस के संयुक्त तत्वावधान में किया गया, जिसमें जेसीआई की सक्रिय सहभागिता रही।

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में एमएलसी पवन सिंह चौहान (सीतापुर), भारतेंदु नाट्य अकादमी के चेयरमैन रति शंकर त्रिपाठी, संतकबीर नगर विधायक गणेश चौहान, जस्टिस विश्वनाथ, जेसीआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अनुराग सक्सेना, डॉ. पंकज खटवानी एवं पूर्व आईपीएस अधिकारी सूर्यकांत शुक्ल सहित अनेक विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति रही।
‌
कार्यक्रम में तीन माह में 51 पुस्तकों का लेखन कर अद्भुत कीर्तिमान स्थापित करने वाली डॉ. अनीता सहगल वसुंधरा को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इसके साथ ही महाराष्ट्र से सीए महेश गौर, पंजाब से सुरेंद्र अग्रवाल, मनमोहन मित्तल व सिमरन अग्रवाल, नेपाल (काठमांडू) से डी.आर. उपाध्यक्ष व मिलन गरुण तथा हरियाणा से जोगिंदर वर्मा को “प्रतिभा श्री सम्मान” प्रदान किया गया।

इस अवसर पर जेसीआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अनुराग सक्सेना ने कहा कि प्रतिभा को किसी परिचय की आवश्यकता नहीं होती, वह स्वयं अपनी पहचान बनाती है। ईश्वर ने हर व्यक्ति को कोई न कोई विशेष गुण दिया है, जरूरत है उसे पहचानने और निरंतर प्रयास से निखारने की। उन्होंने कहा कि देश की प्रतिभाओं को सम्मानित कर जेसीआई स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहा है।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें