विजयराघवगढ़ के मुहास में जर्जर विद्यालय भवन बना खतरा, ग्रामीणों ने तत्काल गिराने की उठाई मांग
(विजयराघवगढ़) कटनी जिले की विजयराघवगढ़ तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत मुहास में शासकीय हाई स्कूल प्रांगण में स्थित प्राचीन विद्यालय भवन पूरी तरह खंडहर में तब्दील हो चुका है। जर्जर हालत में खड़ी यह पुरानी बिल्डिंग अब कभी भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है, जिससे छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और ग्रामीणों की सुरक्षा को गंभीर खतरा बना हुआ है।

ग्रामीणों ने बताया कि विद्यालय परिसर में मौजूद यह खंडहर भवन लंबे समय से उपेक्षित पड़ा है और इसकी दीवारें काफी कमजोर हो चुकी हैं। कई स्थानों पर दरारें स्पष्ट दिखाई दे रही हैं, जिससे इसके अचानक गिरने की आशंका बनी हुई है। विद्यालय परिसर में बच्चों की नियमित आवाजाही के कारण स्थिति और भी चिंताजनक हो गई है।

ग्रामवासियों एवं जनप्रतिनिधियों ने संबंधित विभाग के अधिकारियों, बीआरसी, बीईओ, डीईओ तथा शिक्षा विभाग से विशेष अनुरोध किया है कि जनहित एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस जर्जर भवन को तत्काल गिराकर परिसर को सुरक्षित किया जाए। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो कोई अप्रिय घटना घट सकती है, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।
ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र निरीक्षण कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।
