बदबूदार पानी से त्रस्त हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, प्रशासन की लापरवाही पर फूटा जनाक्रोश
इंदौर जैसी घटना का इंतज़ार कर रही है क्या नगरपालिका… ? – प्रभात द्विवेदी
मैहर। मैहर नगर की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में पेयजल की गंभीर समस्या को लेकर अब लोगों का गुस्सा खुलकर सामने आने लगा है। कॉलोनी निवासी महेश रमानी ने बदबूदार और संक्रमणयुक्त पानी की समस्या को लेकर अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए बताया कि पिछले लंबे समय से घरों में जो पानी सप्लाई हो रहा है, उसमें इतनी दुर्गंध है कि उसे पीना तो दूर, उपयोग करना भी मुश्किल हो गया है।
महेश रमानी ने बताया कि कई बार शिकायत के बावजूद नगर पालिका द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। लोगों के घरों में आने वाला पानी इतना दूषित है कि इससे बीमारियों का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे कॉलोनी के लोग भय और असहाय स्थिति में जीने को मजबूर हैं।

इस गंभीर समस्या की जानकारी मिलने पर पूर्व नगर पालिका पार्षद एवं कांग्रेस के नगर अध्यक्ष प्रभात द्विवेदी मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार की पूरी बात सुनी। उन्होंने नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो मैहर में भी इंदौर जैसी जलजनित बीमारी की भयावह स्थिति पैदा हो सकती है।
प्रभात द्विवेदी ने कहा कि शासन और प्रशासन का पहला कर्तव्य नागरिकों को स्वच्छ जल और स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना है। यदि कोई व्यवस्था जनता को साफ पानी और साफ हवा तक उपलब्ध नहीं करा पा रही है तो ऐसी व्यवस्था के अस्तित्व पर ही सवाल खड़े होते हैं।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी की इस गंभीर समस्या को लेकर जिला कलेक्टर सहित संबंधित अधिकारियों को तुरंत हस्तक्षेप करना चाहिए, अन्यथा यह समस्या किसी बड़े स्वास्थ्य संकट का रूप ले सकती है।
द्विवेदी ने नगर पालिका के सीएमओ और जिम्मेदार अधिकारियों को कठघरे में खड़ा करते हुए कहा कि जनता के स्वास्थ्य से जुड़ा यह मामला बेहद संवेदनशील है और इसमें लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से मांग की है कि पेयजल की गुणवत्ता की तुरंत जांच कराई जाए, दूषित पाइपलाइन और जलस्रोत की सफाई कराई जाए तथा नियमित स्वच्छ पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या नगर पालिका प्रशासन समय रहते जागेगा, या फिर किसी बड़ी घटना के बाद ही जिम्मेदारों की नींद टूटेगी?
