जयपुर में निवेशकों से संवाद करेंगे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, MP में निवेश के लिए देंगे आमंत्रण
टेक्सटाइल, ईवी-ऑटोमोबाइल, फूड प्रोसेसिंग और पर्यटन सेक्टर के उद्योगपति होंगे शामिल
जयपुर | RPKP India News मध्यप्रदेश को देश के सबसे भरोसेमंद और उभरते निवेश गंतव्य के रूप में स्थापित करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 21 मार्च 2026 को जयपुर में उद्योगपतियों से संवाद करेंगे। जयपुर के प्रतिष्ठित ITC Rajputana में आयोजित “इंटरैक्टिव सेशन ऑन इन्वेस्टमेंट अपॉर्च्यूनिटीज इन मध्यप्रदेश” में वे निवेशकों के साथ सीधे संवाद कर राज्य में उपलब्ध औद्योगिक अवसरों, नई नीतियों और बेहतर अधोसंरचना की जानकारी देंगे।
यह कार्यक्रम मध्यप्रदेश सरकार की उस रणनीति का हिस्सा है, जिसके तहत मुख्यमंत्री विभिन्न राज्यों में रोड-शो और वन-टू-वन बैठकों के माध्यम से निवेश आकर्षित कर रहे हैं। इससे पहले भीलवाड़ा में टेक्सटाइल सेक्टर पर केंद्रित संवाद को सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली थी और अब जयपुर में यह दूसरा बड़ा आयोजन होने जा रहा है।
कई प्रमुख सेक्टर के निवेशक होंगे शामिल
जयपुर में आयोजित इस इंटरैक्टिव सेशन में कृषि, फूड प्रोसेसिंग, डेयरी, टेक्सटाइल एवं गारमेंट्स, ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रिक व्हीकल, रिन्यूएबल एनर्जी, माइनिंग एवं मिनरल्स और पर्यटन जैसे प्रमुख क्षेत्रों से जुड़े उद्योगपति और औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। मुख्यमंत्री निवेशकों के साथ प्रत्यक्ष संवाद के अलावा चयनित उद्योगपतियों के साथ वन-टू-वन बैठकें भी करेंगे, जिनमें सेक्टर आधारित निवेश संभावनाओं और परियोजनाओं पर विस्तृत चर्चा होगी।
निवेश को मिलेगा नई नीति और मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर का सहारा
मुख्यमंत्री डॉ. यादव का कहना है कि मध्यप्रदेश अब केवल संभावनाओं का राज्य नहीं, बल्कि स्पष्ट नीतियों, त्वरित निर्णय क्षमता और मजबूत औद्योगिक आधार के साथ निवेश को जमीन पर उतारने वाला अग्रणी राज्य बन चुका है। उन्होंने कहा कि निवेश केवल पूंजी का प्रवाह नहीं, बल्कि रोजगार सृजन, कौशल विकास और क्षेत्रीय विकास का माध्यम है।
राज्य सरकार ने हाल ही में 18 नई औद्योगिक नीतियों को लागू किया है और प्रक्रियाओं को सरल व पारदर्शी बनाने के लिए ‘जन विश्वास अधिनियम’ भी लागू किए गए हैं। इससे निवेशकों को बेहतर वातावरण और तेज निर्णय प्रक्रिया का लाभ मिल रहा है।
क्षेत्रीय संतुलन के साथ औद्योगिक विकास पर फोकस
मध्यप्रदेश सरकार “रीजनल बैलेंस अप्रोच” के तहत पूरे प्रदेश में संतुलित औद्योगिक विकास पर काम कर रही है। उज्जैन में मेडिकल डिवाइस पार्क, नर्मदापुरम में रिन्यूएबल एनर्जी उपकरण निर्माण क्षेत्र, ग्वालियर में फुटवियर पार्क, जबलपुर में डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग हब, रतलाम में मेगा इंडस्ट्रियल पार्क और धार में पीएम मित्रा पार्क जैसी परियोजनाएं राज्य की औद्योगिक प्रगति को दर्शाती हैं।
इसके साथ ही भोपाल में ग्लोबल स्किल्स पार्क और इंदौर, भोपाल, उज्जैन तथा रीवा में विकसित हो रहे आईटी पार्क राज्य के कौशल विकास और तकनीकी क्षमता को नई दिशा दे रहे हैं।
निवेश के साथ रोजगार और विकास पर जोर
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार का उद्देश्य केवल निवेश आकर्षित करना नहीं, बल्कि उससे रोजगार के अवसर बढ़ाना, तकनीकी विकास को बढ़ावा देना और समग्र क्षेत्रीय विकास सुनिश्चित करना है। जयपुर में आयोजित यह कार्यक्रम मध्यप्रदेश के औद्योगिक सामर्थ्य को देशभर के निवेशकों के सामने प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण मंच बनेगा।
