कैमोर में आस्था और उत्साह का संगम, भव्य झांकियों के साथ निकला जवारे विसर्जन जुलूस

51 मीटर चुनरी यात्रा भी रही आकर्षण का केंद्र, देर रात प्राचीन मढ़िया में हुआ विसर्जन

कैमोर। चैत्र नवरात्र के समापन के बाद कैमोर नगर में जवारे विसर्जन को लेकर आस्था और उत्साह का अद्भुत माहौल देखने को मिला। खलवारा बाजार स्थित झांकेश्वरी माता मंदिर से जवारे विसर्जन का भव्य जुलूस निकाला गया, जिसमें नगर सहित आसपास क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।

आकर्षक झांकियां बनीं आकर्षण का केंद्र

जुलूस में मां काली की तीन भव्य झांकियां, भगवान हनुमान जी एवं शेर की झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। जुलूस मार्ग पर जगह-जगह लोगों की भीड़ झांकियों को देखने के लिए उमड़ पड़ी। ढोल-नगाड़ों और माता रानी के जयकारों से पूरा नगर भक्तिमय हो गया।

नगर भ्रमण के बाद हुआ विसर्जन

जुलूस झांकेश्वरी माता मंदिर से प्रारंभ होकर संतोषी माता मंदिर, काली माता मंदिर एवं पेट्रोल पंप होते हुए खलवारा गांव स्थित माता की प्राचीन मढ़िया पहुंचा, जहां रात्रि लगभग 2 बजे विधि-विधान के साथ जवारे का विसर्जन किया गया।

जगह-जगह हुआ स्वागत

जुलूस के दौरान विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं द्वारा शर्बत एवं प्रसाद वितरण कर जुलूस का स्वागत किया गया। इससे पहले मंदिर समिति द्वारा 51 मीटर लंबी भव्य चुनरी यात्रा भी निकाली गई थी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।

नौ दिनों तक चले धार्मिक कार्यक्रम

मंदिर समिति द्वारा पूरे नौ दिनों तक माता रानी की पूजा-अर्चना, आरती एवं प्रसाद वितरण का कार्यक्रम लगातार आयोजित किया गया, जिसमें नगर के सैकड़ों श्रद्धालुओं ने सहभागिता निभाई।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें