किसानों के मुद्दे पर जीतू पटवारी का प्रधानमंत्री को पत्र, गेहूं खरीदी में बारदाना संकट और MSP वादे पर उठाए सवाल

भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर मध्य प्रदेश में गेहूं उपार्जन व्यवस्था को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने राज्य में बारदाने की भारी कमी, समर्थन मूल्य पर कथित धोखाधड़ी और राज्य-केंद्र सरकार के बीच समन्वय के अभाव का मुद्दा उठाया है।

श्री पटवारी ने पत्र में कहा कि मध्य प्रदेश में गेहूं खरीदी का बड़ा लक्ष्य तय किया गया है, लेकिन मंडियों में किसानों की उपज भरने के लिए बारदाने उपलब्ध नहीं हैं, जिससे किसान खुले आसमान के नीचे फसल लेकर परेशान हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह स्थिति तब है जब देश के कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान स्वयं मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री रह चुके हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव और केंद्रीय कृषि मंत्री के बीच कथित राजनीतिक खींचतान का खामियाजा किसानों को भुगतना पड़ रहा है। साथ ही विधानसभा चुनाव के दौरान 2700 रुपये प्रति क्विंटल गेहूं खरीद के वादे को भी पूरा न करने का आरोप लगाया।

श्री पटवारी ने प्रधानमंत्री से मांग की है कि केंद्र और राज्य सरकार के बीच समन्वय स्थापित कर जल्द से जल्द मंडियों में बारदाने की पर्याप्त व्यवस्था कराई जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसानों की समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे भोपाल में केंद्रीय कृषि मंत्री के निवास के सामने उपवास पर बैठेंगे।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें