पुलिस ने अंतर्राज्यीय चोर गिरोह का किया पर्दाफाश, ₹18.88 लाख का मशरूका बरामद
(टीकमगढ़,) पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई के नेतृत्व में टीकमगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई में छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लगभग ₹18.88 लाख मूल्य का मशरूका बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह कुशवाहा, एसडीओपी टीकमगढ़ राहुल कटरे एवं एसडीओपी जतारा अभिषेक गौतम के मार्गदर्शन में चार विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया था। इन टीमों ने समन्वित कार्रवाई करते हुए मुखबिर तंत्र, सीसीटीवी फुटेज और साइबर सेल की मदद से आरोपियों तक पहुंच बनाई और 30 मार्च 2026 को उन्हें ईशानगर (जिला छतरपुर) से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार जिले के थाना खरगापुर (चौकी देरी) और थाना बम्हौरीकलां क्षेत्र में हुई दो बड़ी चोरी की घटनाओं का खुलासा किया गया है।
पहली घटना ग्राम छिद्दारी की है, जहां 15-16 मार्च की रात अज्ञात चोरों ने फरियादी बल्दू रैकवार के घर से सोने-चांदी के जेवर और ₹18 हजार नकद सहित करीब ₹1.88 लाख की चोरी कर ली थी। इस मामले में थाना खरगापुर में अपराध क्रमांक 82/26 धारा 331(4), 305 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।
दूसरी घटना ग्राम कुड्याला (चौकी कनेरा) की है, जहां 6-7 मार्च की रात फरियादी सूरज राजपूत के घर का ताला तोड़कर चोरों ने अलमारी से करीब ₹5 लाख के सोने-चांदी के जेवर पार कर दिए थे। इस मामले में थाना बम्हौरीकलां में अपराध क्रमांक 41/26 धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
–– शिवराज सिंह पत्रकार आरपीकेपी इंडिया न्यूज़ खरगापुर जिला टीकमगढ़
