चार्ज अधिकारियों को जनगणना 2027 के प्रथम चरण के प्रचार-प्रसार के दिये गये निर्देश
(कटनी) जिले में जनगणना 2027 के प्रथम चरण को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिये कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी श्री आशीष तिवारी के निर्देश पर सभी चार्ज अधिकारियों को इसके प्रचार-प्रसार करने के निर्देश जारी किये गये हैं। जनगणना के प्रथम चरण अंतर्गत मकानसूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य 1 मई एवं स्व-गणना का कार्य 16 से 30 अप्रैल की अवधि में संपादित किया जाएगा।
जनसामान्य में जागरूकता बढ़ाने के लिए प्रचार-प्रसार हेतु नगरीय निकायों की कचरा संग्रहण गाडियों पर ऑडियों सिस्टम के माध्यम से जनगणना संबंधी संदेशों व ऑडियों का प्रसारण किया जाएगा।
शासकीय कार्यालयों और संस्थानों के एलईडी डिस्प्ले एवं नोटिस बोर्ड पर जनगणना सम्बन्धी वीडियो और स्लोगन का प्रदर्शन किया जाएगा। प्रमुख ट्रैफिक सिग्नलों और चौराहों पर उपलब्ध ऑडियो सिस्टम और सार्वजनिक उद्घोषणा के माध्यम से जनगणना सम्बन्धी संदेशों व ऑडियों आदि का प्रसारण किया जाएगा। इसके अलावा प्रचार-प्रसार के लिये स्थानीय केबल नेटवर्क, जिला स्तरीय आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म आदि का भी उपयोग किया जाएगा। अपर कलेक्टर एवं जिला जनगणना अधिकारी श्री नीलांबर मिश्रा ने सभी चार्ज अधिकारियों को निर्देशों का कड़ाई से पालन करने व जनगणना कार्य का क्रियान्वयन सुचारू रूप से संपादित करने के निर्देश दिये हैं। साथ ही निर्देशित किया है कि जिला जनगणना सेल को कार्यवाही करते हुये जानकारी सहित फोटो व आडियों उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
