स्वास्थ्य योजनाओं एवं कार्यक्रमों के क्रियान्वयन में कोताही पर तय होगी जवाबदेही-
कलेक्टर श्री तिवारी स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही पर सेवा समाप्ति और वेतन काटने के निर्देश जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में कलेक्टर श्री तिवारी ने की स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं एवं कार्यक्रमों की समीक्षा
(कटनी) जिले में स्वास्थ्य योजनाओं और कार्यक्रमों के क्रियान्वयन में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों पर कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने सख्त रुख अपनाया है। जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में उन्होंने राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों में कम प्रगति वाले और बैठक में अनुपस्थित रहने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को नोटिस जारी करने और वेतन काटने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने हिदायत दी है कि मैदानी स्तर पर किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर भी उपस्थित रहीं।लापरवाही पर नोटिस और वेतन कटौती के निर्देश बैठक के दौरान कलेक्टर श्री तिवारी ने उप स्वास्थ्य केंद्र मोहतरा (बहोरीबंद) के सीएचओ कृष्णम विश्वकर्मा को बिना सूचना गायब रहने पर सेवा समाप्ति का नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। वहीं, रीठी की सीएचओ सारिका यादव को 10 मई तक प्रगति न दिखाने पर सेवा समाप्ति की चेतावनी दी गई है।
इसी प्रकार बड़वारा की एएनएम अर्चना दाहिया को बिना सूचना अनुपस्थित रहने पर 2 दिन और पिपरिया परौहा की सीएचओ मीनाक्षी बर्मन को 7 दिन अवैतनिक करने के निर्देश दिए गए। हरदुआ कन्हवारा के सीएचओ राहुल मकवाने का भी एक दिन का वेतन काटा गया है। विजयराघवगढ़ में हुई एक मातृ मृत्यु की समीक्षा के दौरान उत्तरदायित्वों का निर्वहन न करने पर संबंधित आशा, एएनएम और सीएचओ की 7 दिन के अंदर वेतन वृद्धि रोकने और कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा उपस्वास्थ्य केन्द्र, अमरगढ़ (बहोरीबंद) की एएनएम अफशाना मंसूरी को नोटिस जारी करने के निर्देश दिये गये। सीएचओ, उपस्वास्थ्य भनपुराकलां,उमरियापान आराधना डेविड को आगामी 3 दिवस के अंदर कार्यप्रगति में सुधार करने के निर्देश दिये गये।टीकाकरण और गर्भवती महिलाओं की निगरानी पर जोर कलेक्टर श्री तिवारी ने जिला टीकाकरण अधिकारी को 14 से 15 वर्ष की किशोरियों को बच्चेदानी के कैंसर से बचाने हेतु एचपीवी वैक्सीन के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए। साथ ही जिन विकासखंडों में वैक्सीन का स्टॉक अधिक है, उसे जरूरत वाले विकासखंडों में शिफ्ट करने निर्देशित किया। कलेक्टर श्री तिवारी ने गर्भवती महिलाओं के प्रथम तिमाही पंजीयन के लिए समग्र आईडी, विवाह पंजीयन जैसे दस्तावेजों की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु लाइन लिस्टिंग बनाने और जनपद सीईओ से समन्वय करने के निर्देश दिए। साथ ही आधार कार्ड बनाने हेतु शिविरों की जानकारी ग्रामवार सूचित करने के निर्देश दिये।
कलेक्टर श्री तिवारी ने निर्देशित किया कि गर्भवती महिलाओं के प्रसव की संभावित तिथि की ड्यू लिस्ट प्रत्येक उपस्वास्थ्य केन्द्र में प्रतिमाह संबंधित एएनएम, सीएचओ और आशा के पास उपलब्ध हो। साथ ही संबंधित एएनएम, सीएचओ, आशा को उनके क्षेत्रान्तर्गत गर्भवती महिलाओ के प्रसव की जानकारी प्रतिमाह अद्यतन करें और इसका निरीक्षण जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारी द्वारा किया जाये।
बैठक के दौरान अवगत कराया गया कि 100 दिवसीय निःक्षय 2.0 के अंतर्गत 244 ग्राम चिन्हित किये गये हैं। जिस पर कलेक्टर श्री तिवारी ने स्वास्थ्य शिविर लगाकर 14 वर्ष की आयु के ऊपर के समस्त किशोर, वयस्कों की स्क्रीनिंग, एक्सरे, शुगर एवं बीपी की जांच करने के निर्देश दिये।निजी क्लीनिकों को निर्देश कलेक्टर श्री तिवारी ने जिले के निजी नर्सिंग क्लीनिकों और सोनोग्राफी सेंटरों को निर्देशित किया है कि वे नवीन एएनसी जांचों की पूरी जानकारी (मोबाइल नंबर और पते सहित) प्रतिमाह मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय में अनिवार्य रूप से जमा करें।अक्रियाशील प्रसव केंद्रों को करें क्रियाशीलबैठक के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहोरीबंद के अंतर्गत ‘कुंआ’ और उमरियापान के अंतर्गत ‘कारोपानी’ प्रसव केंद्रों को क्रियाशील करने हेतु एएनएम को प्रशिक्षित करने के निर्देश दिए गए। ताकि स्थानीय स्तर पर बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
बैठक के दौरान सीएमएचओ डॉ. राज सिंह ठाकुर, महिला बाल विकास की सहायक संचालक सुश्री वनश्री कुर्वेती, सिविल सर्जन डॉ. यशवंत वर्मा, परियोजना अधिकारी रीठी कटनी सुलोचना महोबिया, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ समीर सिंघई, डीपीएम कटनी डॉ उपेन्द्र कुशवाहा, एपीएम विजय सोनी, डीसीएम सतीश जैन, एमएंडडी अरूण कमल, सभी बीएमओ, महिला बाल विकास बहोरीबंद परियोजना अधिकारी सतीश पटेल, ढीमरखेड़ा परियोजना अधिकारी आरती यादव, बड़वारा परियोजना अधिकारी इंद्र कुमार साहू सहित अन्य मौजूद रहे।
