अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर बढ़ते प्रहार लोकतंत्र के लिए खतरा: पंकज मिश्रा

(मैहर) जिला कांग्रेस कार्यालय मैहर में आज “संविधान लीडरशिप प्रोग्राम” विषय पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता पंकज मिश्रा ने कहा कि वर्तमान समय में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर लगातार प्रहार हो रहे हैं, जो लोकतंत्र के लिए गंभीर चिंता का विषय है।

उन्होंने कहा कि आज परिस्थितियाँ इस दिशा में बढ़ती दिखाई दे रही हैं, जहाँ सत्ता के विरोध में उठने वाली आवाज़ों को व्यवस्थित रूप से दबाने का प्रयास किया जा रहा है। सवाल पूछना कठिन होता जा रहा है और सत्य को सामने लाने वालों पर विभिन्न प्रकार के दबाव बनाए जा रहे हैं। यह स्थिति केवल व्यक्तियों तक सीमित नहीं है, बल्कि संविधान की मूल भावना पर सीधा आघात है।

श्री मिश्रा ने बताया कि “संविधान लीडरशिप प्रोग्राम” का उद्देश्य डिजिटल माध्यमों से जुड़े युवाओं और इन्फ्लुएंसर्स को केवल सोशल मीडिया तक सीमित रखना नहीं, बल्कि उन्हें जमीनी स्तर पर सक्रिय नेतृत्वकर्ता के रूप में विकसित करना है। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के माध्यम से देशभर में युवाओं एवं कंटेंट क्रिएटर्स का एक सशक्त नेटवर्क तैयार किया जाएगा, जो सामाजिक न्याय, समानता और लोकतांत्रिक मूल्यों को जन-जन तक पहुँचाने का कार्य करेगा।

उन्होंने आगे कहा कि बेरोजगारी, महंगाई, शिक्षा और सामाजिक असमानता जैसे ज्वलंत मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने के लिए युवाओं की सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। इस कार्यक्रम के अंतर्गत प्रतिभागियों को तकनीकी प्रशिक्षण, कानूनी सहयोग तथा संगठनात्मक मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा, जिससे वे तथ्य आधारित एवं जिम्मेदार भूमिका निभा सकें।

श्री मिश्रा ने स्पष्ट किया कि यह पहल केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि लोकतंत्र को सुदृढ़ करने और संविधान के आदर्शों की रक्षा करने का एक संगठित प्रयास है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे इस पहल से जुड़कर सकारात्मक परिवर्तन की दिशा में अपनी भूमिका सुनिश्चित करें।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में जिला कांग्रेस अध्यक्ष धर्मेश घई, नगर कांग्रेस अध्यक्ष प्रभात द्विवेदी ‘दद्दा’, वरिष्ठ नेता केशव चौरसिया, जिला संगठन सचिव अमृतलाल पटेल, युवा कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष पंकज कुशवाहा, महासचिव विश्वामोहन बड़गैयां महासचिव आदित्य कुशवाहा, ब्लॉक अध्यक्ष शारदा पटेल, रामप्रकाश पटेल, राजकुमार पाल सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें