पीएम श्री स्कूल पनवार व सिद्धभूमि इंटरनेशनल स्कूल में HPV टीकाकरण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

(सीधी) जिले में बालिकाओं के स्वास्थ्य संरक्षण एवं जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला स्वास्थ्य टीम एवं लायनेस कामाख्या क्लब सीधी के संयुक्त तत्वावधान में पीएम श्री उच्च माध्यमिक विद्यालय पनवार एवं सिद्धभूमि इंटरनेशनल स्कूल, सीधी में HPV टीकाकरण एवं सर्वाइकल कैंसर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बबिता खरे के निर्देशन में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम में विशेषज्ञों द्वारा सर्वाइकल कैंसर के कारण, लक्षण, रोकथाम एवं HPV टीकाकरण की उपयोगिता पर विस्तार से जानकारी दी गई। बताया गया कि 14 से 15 वर्ष 3 माह आयु वर्ग की बालिकाओं के लिए यह टीका पूर्णतः सुरक्षित है तथा भविष्य में गर्भाशय ग्रीवा कैंसर से बचाव का प्रभावी उपाय है।

डीएचओ-1 एवं वरिष्ठ स्त्रीरोग विशेषज्ञ डॉ. सुनीता तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि HPV टीकाकरण अभियान 31 मई 2026 तक संचालित किया जाएगा। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे समय रहते अपनी बेटियों का टीकाकरण अवश्य कराएं। जिला टीकाकरण टीम के विकास सिंह ने U-WIN पोर्टल पर पंजीयन प्रक्रिया समझाते हुए किसी भी प्रकार की अफवाहों से बचने की सलाह दी।

लायनेस कामाख्या क्लब सीधी की सदस्य शर्मिला सिंह, रचना राजे सिंह, अंजू शर्मा एवं रश्मि सोनी ने महिला स्वास्थ्य के प्रति निरंतर जागरूकता अभियान चलाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। वहीं सृजन फाउंडेशन के अध्यक्ष सुनील पांडे ने शासन की स्वास्थ्य योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने की बात कही।

कार्यक्रम में वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता एवं टाटा समूह के संस्थानों के निदेशक आर.बी. सिंह ने कहा कि बेटियों का स्वास्थ्य सुरक्षित करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। पीएम श्री स्कूल पनवार की प्राचार्य प्रतिभा भार्गव ने छात्राओं से आह्वान किया कि वे अपने अभिभावकों को प्रेरित कर शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करें।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं के प्रश्नों का समाधान किया गया तथा मौके पर ही परामर्श एवं पंजीकरण की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। जिला स्वास्थ्य विभाग द्वारा पुनः जानकारी दी गई कि HPV टीकाकरण पूर्णतः नि:शुल्क है तथा इसकी अंतिम तिथि 31 मई 2026 निर्धारित है।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें