कैमोर में करोड़ों की सुरक्षा अंधेरे में! हाईमास्क लाइट तोड़ी, फिर भी ट्रक चालक पर FIR नहीं – आखिर किसे बचा रहे अधिकारी?

(कैमोर) नगर परिषद कैमोर एक बार फिर सवालों के घेरे में है। वार्ड क्रमांक 02 स्थित थ्री आर पार्क के पास लगी लाखों रुपये की हाईमास्क लाइट को तीन दिन पहले एक ओवरलोडेड और तेज रफ्तार हाइवा वाहन ने टक्कर मारकर पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। हैरानी की बात यह है कि इतनी बड़ी घटना के बावजूद अब तक ट्रक चालक के खिलाफ FIR दर्ज नहीं की गई है।

घटना के तुरंत बाद कैमोर पुलिस ने हाइवा वाहन को अपने कब्जे में ले लिया था, लेकिन नगर परिषद के जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा शिकायत दर्ज न कराए जाने के कारण पुलिस को वाहन छोड़ना पड़ा। इस पूरे घटनाक्रम ने नगर परिषद की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

स्थानीय लोगों के अनुसार, यह हाईमास्क लाइट न केवल मुख्य मार्ग को रोशन करती थी, बल्कि इसमें हाईटेक कैमरे भी लगे थे, जो नगर की सुरक्षा व्यवस्था का अहम हिस्सा थे। इस पोल की लागत भी लाखों रुपये बताई जा रही है, जिससे सार्वजनिक संपत्ति को भारी नुकसान हुआ है।

सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि घटना के बाद न तो किसी जनप्रतिनिधि की प्रतिक्रिया सामने आई और न ही नगर परिषद की ओर से कोई सख्त कदम उठाया गया। इससे जनता में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।

अब बड़ा सवाल यह है कि आखिर नगर परिषद के मुख्य नगर पालिका अधिकारी FIR दर्ज कराने से क्यों बच रहे हैं? क्या किसी दबाव में कार्रवाई रोकी जा रही है, या फिर जानबूझकर लापरवाही बरती जा रही है?

फिलहाल यह मामला पूरे कैमोर नगर में चर्चा का विषय बना हुआ है, और लोग दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें