मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत अबगांवखुर्द, टिमरनी व खिरकिया में सामूहिक विवाह कार्यक्रम सम्पन्न
(हरदा) प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी ‘मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना’ के तहत सोमवार को जिले के विभिन्न स्थानों पर आयोजित सामूहिक विवाह सम्मेलन में कुल 200 जोड़े परिणय सुत्र में बंधे। इस दौरान जनपद पंचायत हरदा द्वारा ग्राम अबगांवखुर्द में 29 जोड़े व नगर पालिका परिषद टिमरनी द्वारा कृषि उपज मण्डी टिमरनी में 151 जोड़ों का सामूहिक विवाह कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसी प्रकार नगर परिषद खिरकिया द्वारा 20 जोड़ों को सामूहिक निकाह कार्यक्रम आयोजित किया गया।
टिमरनी के कृषि उपज मंडी प्रांगण में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना अंतर्गत 151 जोड़ो का सामूहिक विवाह समारोह पूरी रीति नीति एवं विधि विधान से सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में रैन बसेरा रोड़ से घोड़े, बग्गी पर सवार होकर निकले दूल्हे राजाओं एवं उनके परिजनों ने बारात में हर्षाेल्लास के साथ सामूहिक नृत्य किया तथा कार्यक्रम स्थल के मुख्य द्वार पर विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारीयो ने बारातियों का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से पूर्व विधायक श्री संजय शाह, नगर परिषद अध्यक्ष श्री देवेंद्र भारद्वाज एवं पार्षद सुनील दुबे ने कार्यक्रम को संबोधित किया तथा नवविवाहित दंपत्तियों को सफल दांपत्य जीवन की शुभकामनाएं दी। कार्यक्रम में समाज सेवियों व जनप्रतिनिधियों ने नवविवाहित दंपत्तियों को उपहार भी वितरित किये। इस दौरान अतिथियों ने वर-वधु को विवाह प्रमाण पत्र एवं राशि के स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए।
इस अवसर पर समाजसेविका श्रीमती शैलजा शाह, नगर परिषद उपाध्यक्ष श्री राजा कौशल, भाजपा जिला उपाध्यक्ष श्री विनीत गीते, भाजपा जिला मंत्री श्रीमति निशा दुबे, भाजपा मंडल अध्यक्ष श्री अतुल बारंगे, श्री बलराम डूडी, एसडीएम श्री संजीव कुमार नागू, तहसीलदार, थाना प्रभारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी, पार्षदगण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
नगर परिषद खिरकिया द्वारा आयोजित सामूहिक निकाह समारोह में 20 जोड़े परिणय सुत्र में बंधे। इस दौरान विधायक डॉ. आर.के. दोगने, पूर्व कृषि मंत्री श्री कमल पटेल तथा जनपद अध्यक्ष श्रीमती रानू दशरथ पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने नव दम्पत्तियों को आशीर्वाद प्रदान किया। इस दौरान अतिथियों ने वर-वधुु को विवाह प्रमाण-पत्र तथा राशि के स्वीकृति पत्र भी प्रदान किये। जनपद पंचायत हरदा द्वारा ग्राम अबगांव खुर्द में आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम में 29 जोड़े परिणय सुत्र में बंधे। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने नवदम्पत्तियों को आशीर्वाद प्रदान किया तथा विवाह प्रमाण-पत्र व राशि के स्वीकृति पत्र प्रदान किये।
