कलेक्टर श्री तिवारी के निर्देश पर हुई वाहनों की सघन जांच नियम विरूद्ध संचालित वाहनों पर हुई कार्यवाही
(कटनी) बिना परमिट, फिटनेस तथा लाइसेंस के अवैध रूप से संचालित होने वाले वाहनों के विरूद्ध कड़ी कार्यवाही करने के कलेक्टर श्री आशीष तिवारी द्वारा दिये गये निर्देश के पालन में बुधवार को अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी श्री संतोष पॉल द्वारा जिले के विभिन्न मार्गों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। चेकिंग अभियान के दौरान परिवहन विभाग की टीम ने कई वाहनों की जांच की, जिसमें कुछ वाहन नियमों का उल्लंघन करते पाए गए। विशेष रूप से दो यात्री बसें, जो 15 वर्ष की निर्धारित आयु पूर्ण कर चुकी थीं, बिना वैध परमिट के संचालित होती मिलीं। इन बसों के वाहन क्रमांक एमपी-09-एफए-3323 एवं एमपी-21-पी-0225 हैं। नियमों के अनुसार इतने पुराने वाहनों का संचालन सख्त शर्तों के अधीन होता है, और बिना परमिट के इनका संचालन पूरी तरह अवैध है। उक्त दोनों बसों के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें जब्त कर लिया गया। बस क्रमांक एमपी-09-एफए-3323 को थाना बरही में तथा एमपी-21-पी-0225 को थाना बड़वारा में सुरक्षित रखा गया है। अभियान के दौरान एक और गंभीर मामला सामने आया, जिसमें एक स्कूल बस क्रमांक एमपी-21-पी0293 कई महत्वपूर्ण दस्तावेजों के अभाव में संचालित होती पाई गई। जांच में यह पाया गया कि उक्त बस के पास न तो वैध फिटनेस प्रमाण पत्र था, न ही परमिट और बीमा उपलब्ध था। इतना ही नहीं, इस वाहन का टैक्स भी वर्ष 2024 से जमा नहीं किया गया था। ऐसे में इस बस से स्कूली बच्चों का परिवहन किया जाना बेहद जोखिम भरा था और किसी भी समय गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकता था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी श्री संतोष पॉल ने तत्काल बस में सवार सभी स्कूली बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उन्हें अपने वाहन के माध्यम से सुरक्षित उनके घर तक पहुंचाया। इसके बाद उक्त स्कूल बस को भी जप्त कर थाना बरही में सुरक्षित रखा गया। अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी श्री संतोष पॉल ने सभी वाहन संचालकों एवं मालिकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों के सभी आवश्यक दस्तावेज जैसे फिटनेस, परमिट, बीमा एवं टैक्स समय पर पूर्ण रखें और यातायात नियमों का सख्ती से पालन करें। उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में भी ऐसे सघन चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
