खरीदी केंद्रों एवं निर्माण कार्यो का कलेक्टर ने लिया जायजा
(सतना) जिले में चल रही समर्थन मूल्य पर उपार्जन व्यवस्था को सुदृढ़ और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने सतना जिले के रामपुर बाघेलान, नागौद के सिंहपुर स्थित सैलो केन्द्र के उपार्जन केन्द्रों का निरीक्षण किया। इस सिंहपुर के गेहूं खरीदी भण्डारण केन्द्र से आस-पास के 12 उपार्जन केन्द्र संबद्ध किये गये हैं। इस दौरान उन्होंने ग्राम पंचायत भवन मतहा का भ्रमण कर किये जा रहे निर्माण कार्यो और मूलभूत सुविधाओं तथा पेयजल व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कहा कि किसानों को गेहूं उपार्जन में किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने स्लाट बुकिंग के आधार पर किसानों को अपनी फसल उपार्जन केन्द्र पर लाने की सलाह दी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने उपार्जित फसल के सुरक्षित भंडारण, बारदाने की उपलब्धता, तौल व्यवस्था और ऑनलाइन प्रविष्टि की स्थिति की भी समीक्षा की। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित रहे। इसके साथ ही कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने क्षेत्र में संचालित विभिन्न निर्माण कार्यों का भी जायजा लिया। उन्होंने कार्यों की गुणवत्ता, प्रगति और समय-सीमा की जानकारी लेते हुए संबंधित एजेंसियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप एवं तय समय में पूर्ण किए जाएं। इस मौके पर एसडीएम रामपुर बघेलान आरएन खरे, एसडीएम जितेन्द्र कुमार वर्मा, अन्य अधिकारी सहित किसान तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
