प्रधानमंत्री जी ने किसान कल्याण वर्ष में दी किसानों को सौगात, बढ़ाई गेहूं खरीदी की सीमा – हेमंत खण्डेलवाल
डॉ. मोहन यादव सरकार किसानों के हितों के संरक्षण के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही- हेमंत खण्डेलवाल
(भोपाल) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी द्वारा मध्यप्रदेश के लिए वर्ष 2026-27 में न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर गेहूं खरीदी की सीमा 22 लाख मीट्रिक टन बढ़ाने पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी का आभार जताया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने किसान कल्याण वर्ष में मध्यप्रदेश के किसानों को बहुत बड़ी सौगात दी है।
प्रधानमंत्री जी द्वारा मध्यप्रदेश में एमएसपी पर गेहूं खरीदी की पूर्व निर्धारित 78 लाख मीट्रिक टन की सीमा को बढ़ाकर 100 लाख मीट्रिक टन कर मध्यप्रदेश के किसानों की मेहनत व उपज को सम्मान देने का कार्य किया है। प्रधानमंत्री जी का यह निर्णय मध्यप्रदेश के किसानों के लिए बड़ी उपलब्धि है। अब अधिक से अधिक गेहूं समर्थन मूल्य पर मध्यप्रदेश की सरकार खरीद सकेगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व वाली मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार किसानों के गेहूं को समर्थन मूल्य पर खरीदी के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है।
प्रधानमंत्री जी का मध्यप्रदेश के किसानों के प्रति प्रेम को दर्शाता है खरीदी की सीमा को बढ़ाना
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि केंद्र सरकार ने मध्यप्रदेश की पहल पर समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीदी को 22 लाख मीट्रिक टन बढ़ाकर 100 लाख मीट्रिक करना प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी का मध्यप्रदेश के किसानों के प्रति उनके प्रेम और स्नेह को दर्शाता है। पूर्व में केंद्र सरकार ने मध्यप्रदेश सरकार को इस वर्ष गेहूं खरीदी की निर्धारित अनुमान 78 लाख मीट्रिक टन किया था। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने केंद्र सरकार को अवगत कराया कि मध्यप्रदेश सरकार वर्ष 2026 को किसान कल्याण के रूप में मना रही है। भाजपा सरकार के प्रयासों से मध्यप्रदेश में गेहूं की बंपर पैदावार हो रही है, इसलिए खरीदी की सीमा को बढ़ाया जाए। मध्यप्रदेश सरकार के इस तथ्य से अवगत होकर केंद्र सरकार ने खरीदी की अनुमति को बढ़ाकर प्रदेश के किसानों की मेहनत का मान बढ़ाया है।
मध्यप्रदेश में बढ़ा गेहूं का उत्पादन, भाजपा सरकार किसानों के साथ खड़ी है
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रयासों से मध्यप्रदेश में गेहूं के उत्पादन में उल्लेखनीय बढ़ोत्तरी हुई है। केंद्र सरकार के इस निर्णय से मध्यप्रदेश के लाखों किसानों को फायदा होगा और लोगों का खेती के प्रति उत्साह और बढ़ेगा। केंद्र सरकार द्वारा लिए गए निर्णय से किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के लिए भाजपा संगठन और सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों को और बल मिलेगा। केंद्र सरकार के इस निर्णय से किसान आर्थिक रूप से सशक्त होंगे और उनकी उपज का एक-एक दाना भाजपा सरकार खरीद सकेगी। किसानों के हितों को लेकर लिए गए इस ऐतिहासिक निर्णय के लिए मैं एक बार पुनः प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केन्द्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्री श्री प्रहलाद जोशी एवं केन्द्रीय कृषि मंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान का भाजपा संगठन और मध्यप्रदेश के किसानों की ओर से हृदय से आभार प्रकट करता हूं।
