मोतीलाल नेहरू स्टेडियम भोपाल में होगा मुख्य स्वतंत्रता दिवस समारोह
( रायसेन )
कलेक्ट्रेट कार्यालय परिसर में कलेक्टर श्री भार्गव करेंगे ध्वजारोहण, सार्वजनिक कार्यक्रमों का नहीं होगा आयोजन
नोवेल कोरोना वायरस कोविड-19 महामारी के कारण प्रदेश, जिला, जनपद एवं ग्राम स्तर पर 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह के आयोजन के संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा निर्देश दिए गए हैं। मध्यप्रदेश में देश की स्वतंत्रता की 73वीं वर्षगांठ का मुख्य समारोह 15 अगस्त को लाल परेड ग्राउण्ड, भोपाल स्थित मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित होगा। कोरोना संक्रमण से बचाव के लिये शासन द्वारा निर्धारित प्रोटोकाल का पालन दृढ़ता से सुनिश्चित करते हुए कार्यक्रम हर्षोल्लास से आयोजित होगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा। परेड द्वारा राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी जाएगी।
मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री श्री चौहान द्वारा परेड का निरीक्षण किया जाएगा। निरीक्षण के बाद परेड द्वारा हर्ष फायर किया जाएगा। तत्पश्चात मुख्य अतिथि द्वारा संदेश का वाचन होगा। मुख्यमंत्री श्री चौहान का संबोधन संचार के विभिन्न साधनों दूरदर्शन मध्यप्रदेश, फेसबुक @CMMadgyapradesh, @JansamparkMP, ट्विटर @CMMadgyapradesh, @JansamparkMP तथा यू-ट्यूब Youtube.com/JansamparkMP पर देखा जा सकेगा।
जिला स्तर पर कलेक्टर द्वारा कलेक्टर कार्यालय में ध्वजारोहण किया जाएगा, सलामी ली जाएगी और राष्ट्रगान का गायन किया जाएगा। कलेक्ट्रोरेट कार्यालय के हॉल में मुख्यमंत्री श्री चौहान के संबोधन को सुना जाएगा। जिला पंचायत कार्यालय में जिला पंचायत अध्यक्ष, प्रशासनिक समिति के प्रधान द्वारा औपचारिक रूप से राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा तथा कार्यक्रम में राष्ट्रीय गान गाया जाएगा। इसी प्रकार जनपद पंचायत कार्यालयों में जनपद पंचायत अध्यक्ष/प्रशासनिक समिति के प्रधान द्वारा औपचारिक रूप से राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा तथा राष्ट्रीय गान का गायन किया जाएगा। पंचायत कार्यालय में सरपंच/प्रशासनिक समिति के प्रधान द्वारा औपचारिक रूप से राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा और राष्ट्रीय गान का गायन किया जाएगा।
ऐसे जिला पंचायत, जनपद पंचायत तथा ग्राम पंचायत जहां निर्वाचित अध्यक्ष/प्रशासनिक समिति के प्रधान उपलबध नहीं होने होने की दशा में कार्यालय प्रमुख द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा। नगर निगम, नगर पालिका तथा नगर परिषद कार्यालय में महापौर/अध्यक्ष द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। शेष नगरीय निकायों में आयुक्त/मुख्य नगर पालिका अधिकारी द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा। जिला स्तर से ग्राम पंचायत स्तर तक ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान का कार्यक्रम प्रातः 08.45 बजे तक अनिवार्य रूप से पूर्ण कराए जाएंगे तथा इसके पश्चात मुख्यमंत्री द्वारा प्रदेश की जनता के नाम संबोधन को सुना एवं देखा जाएगा। सभी शासकीय कार्यालयों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। कार्यालय प्रमुख प्रातः 08 बजे अपने विभाग के अधिकारी, कर्मचारी को सीमित संख्या में कार्यालय भवन पर राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे तथा राष्ट्रगान का गायन करेंगे।
स्वतंत्रता दिवस पर सार्वजनिक कार्यक्रमों का नहीं होगा आयोजन
स्वतंत्रता दिवस पर जिला स्तर एवं जनपद स्तर पर कोई भी सार्वजनिक कार्यक्रम आयोजित नहीं किए जाएंगे। स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में जनसामान्य और स्कूली बच्चों को शामिल नहीं किया जाएगा। कार्यक्रम स्थल पर प्राथमिक चिकित्सा, स्वास्थ्य की आवश्यक व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही हैण्ड सेनेटाइजर, मास्क एवं सामाजिक दूरी आदि का विशेष ध्यान रखा जाएगा। स्वतंत्रता दिवस पर किसी भी सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन नहीं किया जाएगा। स्वतंत्रता दिवस पर प्रदेश में स्थित मुख्य सार्वजनिक भवनों एवं राष्ट्रीय महत्व की ईमारतों में 14 एवं 15 अगस्त 2020 रात्रि में प्रकाश किया जाएगा।
