रामनगर में सामूहिक विवाह में 81 जोड़े बंधे परिणय सूत्र में
जनप्रतिनिधियों ने दिया आशीर्वाद
(मैहर) मैहर जिले के रामनगर जनपद पंचायत क्षेत्र में मुख्यमंत्री सामूहिक कन्या विवाह एवं निकाह योजना के तहत आयोजन किया गया। जिसमें सामाजिक समरसता और पारंपरिक संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिला। कार्यक्रम में पंजीकृत जोड़ों में से 81 जोड़ों का विवाह वैदिक मंत्रोच्चारण एवं विधि-विधान के साथ संपन्न कराया गया। पारंपरिक वेशभूषा में सजे-धजे वर-वधु एवं उनके परिजनों की उपस्थिति से पूरा वातावरण उत्सवमय एवं सांस्कृतिक रंगों से सराबोर नजर आया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद श्री गणेश सिंह शामिल हुए तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता अमरपाटन विधायक एवं पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष राजेन्द्र कुमार सिंह ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष रामखेलावन कोल एवं पूर्व मंत्री रामखेलावन पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद, समृद्ध एवं मंगलमय दांपत्य जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना सामाजिक समानता को बढ़ावा देने के साथ ही आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के परिवारों के लिए अत्यंत सहायक सिद्ध हो रही है।
आयोजन की व्यवस्थाएं जनपद पंचायत रामनगर की मुख्य कार्यपालन अधिकारी भारती दीक्षित के नेतृत्व में सुव्यवस्थित ढंग से संचालित की गईं। एसडीएम एसपी मिश्रा ने भी कार्यक्रम में शामिल होकर वर-वधु को आशीर्वाद प्रदान किया। कार्यक्रम में विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे, जिन्होंने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
