अंतरराष्ट्रीय श्रम दिवस पर रामपुर नैकिन में सचिवों की बैठक सह कार्यशाला आयोजित श्रम विभाग की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं प्रवासी श्रमिकों के रिकॉर्ड संधारण पर दिया गया जोर
(सीधी) अंतरराष्ट्रीय श्रम दिवस के अवसर पर जनपद पंचायत रामपुर नैकिन में ग्राम पंचायतों के सचिवों एवं ग्राम रोजगार सहायकों के साथ बैठक सह कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य श्रम विभाग की योजनाओं की जानकारी प्रदान करना एवं उनके प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करना रहा।
कार्यशाला में श्रम पदाधिकारी आकांक्षा पाठक एवं जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी राजीव तिवारी ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को श्रम विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओंकृजैसे मुख्यमंत्री जनकल्याण (संबल) योजना, प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना तथा भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार (रोजगार विनियमन एवं सेवा शर्त) अधिनियम, 1996कृके बारे में विस्तार से जानकारी दी।
बैठक के दौरान अधिकारियों ने निर्देश दिए कि सभी पात्र श्रमिकों का समयबद्ध पंजीयन सुनिश्चित किया जाए तथा उन्हें योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि ग्राम स्तर पर योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि कोई भी पात्र हितग्राही लाभ से वंचित न रहे।
कार्यशाला में विशेष रूप से प्रवासी (पलायन) श्रमिकों के संबंध में चर्चा की गई। श्रम पदाधिकारी द्वारा निर्देशित किया गया कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में प्रवासी श्रमिकों का अद्यतन रजिस्टर संधारित किया जाए, जिसमें उनके आवागमन, कार्यस्थल एवं अन्य आवश्यक जानकारी दर्ज की जाए। इससे जरूरत पड़ने पर श्रमिकों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जा सकेगी।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी राजीव तिवारी ने कहा कि ग्राम स्तर पर सचिव एवं ग्राम रोजगार सहायक योजनाओं के क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी से अपेक्षा की कि वे समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाएं और नियमित रूप से प्रगति की समीक्षा सुनिश्चित करें।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने भी अपने सुझाव एवं जिज्ञासाएं रखीं, जिनका अधिकारियों द्वारा समाधान किया गया।
