विकसित भारत के संकल्प में महिलाओं की होगी अहम भूमिका-केंद्रीय राज्यमंत्री
आंगनवाड़ी कार्यकर्ता-सहायिकाओं का स्वर्ण जयंती समारोह टाउन हॉल में संपन्न
(सतना)केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार की योजनाओं से महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और आत्मनिर्भर बन रही हैं। यह बात उन्होंने रविवार को टाउन हॉल में आयोजित आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं के स्वर्ण जयंती समारोह को संबोधित करते हुए कही।
कार्यक्रम में सांसद गणेश सिंह ने अध्यक्षता की। इस अवसर पर महापौर योगेश ताम्रकार, पूर्व महापौर ममता पाण्डेय, प्रांतीय अध्यक्ष रामेश्वरी नेताम तथा प्रदेश महा सचिव अंजू सिंह बघेल सहित बड़ी संख्या में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं उपस्थित रहीं। मदर्स-डे के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्यमंत्री श्रीमती ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री मातृवंदन योजना, मुख्यमंत्री लाड़ली लक्ष्मी योजना और मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं ने महिलाओं को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्रों में कार्यरत महिलाएं शासन की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य कर रही हैं। सांसद श्री गणेश सिंह ने कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं समाज के सर्वांगीण विकास, महिला सशक्तिकरण तथा बच्चों के पोषण और संरक्षण में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
इनके समर्पण और सेवाभाव से ही शासन की जनकल्याणकारी योजनाएं जमीनी स्तर तक प्रभावी रूप से पहुंच पा रही हैं। सांसद ने कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका बहनें हमारे समाज की वह आधारशिला हैं, जो बच्चों के उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करती हैं, माताओं के स्वास्थ्य का ध्यान रखती हैं और परिवारों के पोषण एवं संस्कारों को सुदृढ़ बनाती हैं। महापौर श्री योगेश ताम्रकार ने कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका स्वर्ण जयंती सम्मान समारोह में आप सभी के बीच उपस्थित होकर मैं स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहा हूँ। यह अवसर केवल एक सम्मान समारोह नहीं, बल्कि उन बहनों के त्याग, समर्पण और सेवा को नमन करने का पावन अवसर है, जो समाज की सशक्त नींव को मजबूती प्रदान कर रही हैं। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्या की देवी मां सरस्वती जी और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्जवलन तथा माल्यार्पण कर किया गया। कार्यक्रम के समापन पर आंगनवाडी कार्यकर्ता, सहायिका संघ ने अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया।
