गरीबी को हराकर प्रदेश में दूसरा स्थान लाने वाले अभय गुप्ता का अग्रहरि समाज ने किया सम्मान

Advertisement

सीधी/चुरहट। सीधी जिले के ग्राम चडोरा निवासी होनहार छात्र अभय गुप्ता ने कक्षा 10वीं की परीक्षा में पूरे मध्य प्रदेश में द्वितीय स्थान प्राप्त कर जिले और समाज का नाम रोशन किया है। अभय की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन एवं समाज के वरिष्ठ जनों द्वारा लगातार सम्मानित किया जा रहा है।

अभय गुप्ता एक साधारण एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से आते हैं। उनके पिता श्री कैलाश गुप्ता ठेला लगाकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। परिवार आज भी दो कमरों के कच्चे मकान में जीवन यापन कर रहा है, लेकिन कठिन परिस्थितियों के बावजूद अभय ने अपनी मेहनत, लगन और निष्ठा से यह बड़ी सफलता हासिल की।

अभय की सफलता से प्रेरित होकर विंध्य महाकौशल सेवा समिति अग्रहरि समाज मध्य प्रदेश के पदाधिकारियों एवं समाज के वरिष्ठ एवं युवा सदस्यों ने उनके निजी निवास पहुंचकर सम्मान समारोह आयोजित किया। इस दौरान समाज की ओर से अभय गुप्ता को ₹21,000 का चेक प्रदान किया गया तथा उपस्थित लोगों ने भी अपनी श्रद्धानुसार आर्थिक सहयोग देकर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

अभय के पिता कैलाश गुप्ता ने भावुक होकर कहा कि उनका सपना है कि अग्रहरि समाज सहित पूरे जिले के बच्चे शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ें और अपने माता-पिता एवं समाज का नाम रोशन करें। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियां कभी भी सफलता के रास्ते में बाधा नहीं बन सकतीं, यदि मन में कुछ कर गुजरने का संकल्प हो।

इस अवसर पर अग्रहरि समाज के अध्यक्ष रामप्रकाश जी, कोषाध्यक्ष गोकुल प्रसाद निवास, राजबहोर गुप्ता, गोपीनाथ, रामप्रकाश माटा, सुरेश भदौरा, प्रभाकर गुप्ता, रविंद्र गुप्ता, आशुतोष गुप्ता, दीपक गुप्ता, विनय गुप्ता, राजेश गुप्ता सिमरिया, प्रदीप गुप्ता, कमलेश गुप्ता, अशोक गुप्ता सहित समाज के अनेक वरिष्ठ एवं युवा सदस्य उपस्थित रहे। बाहर नौकरी कर रहे समाज के लोगों ने भी फोन के माध्यम से आयोजन में सहभागिता निभाई और अभय को शुभकामनाएं दीं।

✍️ मानिक लाल गुप्ता
RPKP INDIA NEWS
    चुरहट (सीधी)

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें