कलेक्टर मैहर ने किया राषन दुकानों का आकस्मिक निरीक्षण

Advertisement

पहले राशन प्राप्त करने फिर अंगूठा लगाने की दी सलाह

(मैहर) जिले में शासकीय उचित मूल्य की दुकानों से खाद्यान्न वितरण को लेकर कलेक्टर मैहर श्रीमती बिदिशा मुखर्जी ने सोमवार को ग्राम हरदासपुर में उचित मूल्य की दुकान का सघन निरीक्षण किया। उन्होंने इस दौरान हितग्राहियों से बातचीत करते हुए कहा कि खाद्यान्न का पारदर्शितापूर्वक वितरण किये जाने के लिए शासन द्वारा पीओएस मशीन में थम्ब इम्प्रेशन अंकित कर हितग्राहियों को खाद्यान्न वितरण करने की व्यवस्था की गई है। उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि वे सबसे पहले राशन प्राप्त करें, उसके बाद ही मशीन में अंगूठा लगाएं।

निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने पिछले दो माह से अंगूठा लगवाने के बावजूद उन्हें राशन नहीं दिये जाने की शिकायत भी की। इस पर कलेक्टर ने नाराजगी जताते हुए दुकान संचालक दीपाली गर्ग को तत्काल बकाया राशन वितरण के सख्त निर्देश दिए। इसी प्रकार कलेक्टर ने संबंधित आंगनवाड़ी केंद्रों में भी दो माह से लंबित खाद्य सामग्री को शीघ्र वितरित कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि हितग्राही अपने अधिकारों को जाने और पारदशितापूर्ण तरीके से खाद्यान्न लें। खाद्यान्न वितरण में शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिए उन्होंने एसडीएम मैहर को एक हेल्पलाइन नंबर भी जारी करने के निर्देश दिए, ताकि हितग्राही अपनी शिकायत दर्ज करा सकें और उनकी समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जा सके। कलेक्टर ने कहा कि हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों का तुरन्त निराकरण किया जाये।

इसकी समीक्षा प्रत्येक बुधवार की टीएल में उनके द्वारा स्वयं की जायेगी। कलेक्टर ने कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी प्रियंका अग्रवाल को निर्देशित किया कि जिले की सभी उचित मूल्य की दुकानों का सतत रूप से निरीक्षण कर बकाया राशन का वितरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसी भी हितग्राही को परेशानी न हो। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह, एसडीएम दिव्या पटेल, सीईओ जनपद अशोक तिवारी, तहसीलदार जितेंद्र पटेल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें