रवींद्र भवन में हुआ किसान संगोष्ठी का आयोजन

(सागर) मध्यप्रदेश शासन द्वारा वर्ष 2026 को “कृषक कल्याण वर्ष” घोषित किए जाने के उपलक्ष्य में किसानों को कृषि एवं कृषि से संबद्ध विभागों की नवीनतम तकनीकी जानकारी एवं योजनाओं से जोड़ने तथा खरीफ की तैयारी हेतु सागर जिले में कृषि रथ अभियान का शुभारंभ किया गया।

इस अभियान के अंतर्गत दिनांक 16 मई 2026 से 30 मई 2026 तक जिले की सात विधानसभाओं के अंतर्गत कुल 11 विकासखंडों में कृषि रथ का संचालन किया जाएगा। प्रतिदिन लगभग तीन से चार पंचायतों में भ्रमण कर कृषि रथ के माध्यम से किसानों को कृषि विभाग एवं संबद्ध विभागों की योजनाओं, तकनीकी सलाह एवं नवाचारों की जानकारी प्रदान की जाएगी।
सागर जिले में रवींद्र भवन में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ माननीय सांसद श्रीमती लता वानखेड़े संसदीय क्षेत्र सागर के मुख्य आतिथ्य में श्री शैलेंद्र जैन विधायक सागर व इंजी श्री के श्री प्रदीप लारिया विधायक नरयावली के विशिष्ट आतिथ्य में एवं श्री हीरा सिंह राजपूत जिला पंचायत अध्यक्ष की अध्यक्षता में किया गया।
सांसद, विधायकग़णों द्वारा विकासखंड सागर व राहतगढ़ के कृषि रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना कर शुभारंभ किया गया। श्री चंद्रभान यादव जिला उपाध्यक्ष किसान संघ व प्रगतिशील किसानों में श्री पी. कोमल पटेल (ग्राम ग्वारी, विकासखंड खुरई) भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
किसानों तक पहुंचेगी तकनीकी जानकारी
कृषि रथ अभियान का उद्देश्य जिले के किसानों तक सीधे पहुंचकर उन्हें आधुनिक खेती, नवाचार, शासन की योजनाओं तथा कृषि आधारित आय-वृद्धि के उपायों की जानकारी देना है। इस कृषि रथ में उपस्थित तकनीकी दल, कृषि वैज्ञानिक, विभागीय अधिकारी/कर्मचारी एवं प्रगतिशील किसान किसानों को खेती से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर मार्गदर्शन देंगे।
अभियान के दौरान गांव-गांव जाकर किसानों को फसल उत्पादन, बीज चयन, मृदा स्वास्थ्य, कीट-रोग नियंत्रण, पोषक तत्व प्रबंधन, सिंचाई प्रबंधन एवं कृषि यंत्रीकरण जैसी गतिविधियों की जानकारी दी जाएगी।
अभियान के प्रमुख बिंदु
कृषि रथ संचालन के दौरान किसानों को निम्नलिखित विषयों पर विशेष रूप से जागरूक किया जाएगा—
ई-विकास प्रणाली के माध्यम से उर्वरक वितरण व्यवस्था की जानकारी जैविक एवं प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने हेतु तकनीकी प्रशिक्षण फसल विविधीकरण एवं लाभकारी फसल चयन पर मार्गदर्शन एकीकृत पोषक तत्व, रोग एवं कीट प्रबंधन
कृषकों की आय में वृद्धि हेतु कृषि-उद्यमिता, पशुपालन एवं मत्स्य पालन आधारित गतिविधियाँ
अतिथियों ने रखे विचार कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष श्री हीरा सिंह राजपूत जी ने जिले में सिंचाई सुविधाओं पर चर्चा करते हुए कहा कि सिंचाई विस्तार एवं जल संसाधन प्रबंधन किसानों की आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका की चर्चा की। किसान कल्याण वर्ष 2026 की आयोजना पर प्रकाश डाला।
 विधायक इंजीनियर श्री प्रदीप लारिया ने कृषक कल्याण वर्ष 2026 एवं कृषि रथ अभियान को सफल बनाने हेतु प्रमुख बिंदुओं एवं रणनीतियों पर प्रकाश डाला तथा किसानों को अधिक से अधिक लाभ लेने का आह्वान किया।
 सांसद श्रीमती लता वानखेड़े ने अपने संबोधन में कहा कि किसानों को पुरातन कृषि पद्धतियों से अच्छी तकनीक को अपनाने आधुनिक कृषि तकनीकों से स्वयं को अपडेट रहने को। उन्होंने कृषि विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की तथा किसानों को वैज्ञानिक सलाह एवं नवाचारों को अपनाने के लिए प्रेरित किया।
तकनीकी सत्र का आयोजन
कृषि रथ को रवाना किए जाने के पश्चात रविंद्र भवन, सागर में आयोजित तकनीकी सत्र का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस तकनीकी सत्र में कृषि वैज्ञानिकों एवं विभागीय विशेषज्ञों द्वारा किसानों को खरीफ फसलों की तैयारी, उन्नत बीज, उर्वरक प्रबंधन, रोग-कीट नियंत्रण एवं प्राकृतिक खेती के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।
कृषि एवं संबद्ध विभागों की सहभागिता
कृषि रथ अभियान में कृषि विभाग के साथ-साथ उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य पालन एवं सहकारिता विभाग की सक्रिय सहभागिता रहेगी। किसानों को बागवानी फसलें, सब्जी उत्पादन, फलोद्यान, डेयरी विकास, पशु स्वास्थ्य प्रबंधन, मत्स्य पालन के आधुनिक तरीके तथा सहकारी योजनाओं के बारे में भी जानकारी दी जाएगी।
अभियान के सफल संचालन हेतु संबंधित विभागों द्वारा समन्वय स्थापित कर व्यापक तैयारियाँ की गई हैं। कृषक कल्याण वर्ष 2026 के इस विशेष अभियान के माध्यम से सागर जिले के किसानों को नई तकनीक, नई योजनाओं एवं नवाचार से जोड़कर खेती को अधिक लाभकारी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की जा रही है।
कार्यक्रम में उपसंचालक कृषि राजेश त्रिपाठी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी सीसीबी नीरज दुरेजा ,
कृषि विज्ञान केंद्र सागर एवं देवरी से कार्यक्रम समन्वयक एवं प्रमुख डॉ के एस यादव एवं डॉ आशीष त्रिपाठी,परियोजना संचालक आत्मा श्री एम के प्रजापति , उपसंचालक उद्यानिकी पी एस बडोले,पशुपालन विभाग से सहायक संचालक डॉ वी एस ठाकुर, मत्स्यपालन विभाग से आर एम प्रजापति के साथ साथ कृषि विभाग के समस्त सहायक संचालक सहित सभी अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सागर व राहतगढ़ विकासखंड से पधारे कृषक सम्मिलित हुए।कार्यक्रम का संचालन जय दत्त शर्मा सहायक संचालक कृषि ने किया। अंत में उपसंचालक कृषि ने आभार प्रदर्शन किया।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें