कलेक्टर श्री तिवारी ने की जिले के किसानों से अपील खाद वितरण और उपज खरीदी में दिक्कत से बचने किसान फार्मर रजिस्ट्री में जोड़ें अपने सभी खसरे
(कटनी) जिले में कृषि सेवाओं को डिजिटल और पारदर्शी बनाने के लिए ‘फार्मर रजिस्ट्री’ का काम तेजी से चल रहा है। कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने जिले के सभी किसानों से अपील की है कि वे समय रहते फार्मर रजिस्ट्री में अपनी आईडी के साथ सभी खसरों और बकेट को अनिवार्य रूप से जोड़ लें।
भविष्य में किसानों को खाद वितरण, फसल उपार्जन और अन्य सरकारी योजनाओं एवं लाभों का निर्धारण फार्मर रजिस्ट्री में दर्ज जानकारी के आधार पर किया जाएगा।कम खसरे जोड़ने पर मिलेगा सीमित लाभ कलेक्टर श्री तिवारी ने बताया कि यदि किसी किसान ने अपने बकेट में शामिल सभी खसरों को नहीं जोड़ा, तो भविष्य में उनके रिकॉर्ड में उपलब्ध सीमित रकबे के आधार पर ही खाद का वितरण या फसल की खरीदी की जाएगी।
इसके कारण किसानों को आर्थिक और प्रशासनिक नुकसान उठाना पड़ सकता है, इसलिए सभी कृषक अपनी जानकारी को पूरी तरह सही और अपडेट करा लें।बकेटिंग में बहोरीबंद तहसील सबसे आगे जिले में फार्मर रजिस्ट्री के तहत कुल चिन्हित बकेट 7 लाख 4 हजार 972 है। जिसमें किसानों द्वारा क्लेम किए गए बकेट 2 लाख 25 हजार 169 के साथ कुल प्रगति 31.94 प्रतिशत है। बहोरीबंद तहसील 38.34 प्रतिशत की प्रगति के साथ जिले में शीर्ष पर है।
किसान स्वयं या केंद्र पर जाकर ऐसे करें अपडेट किसानों की सुविधा के लिए पूरी प्रक्रिया को बेहद आसान बनाया गया है। किसान अपने मोबाइल पर फार्मर रजिस्ट्री ऐप डाउनलोड करके या शासन की आधिकारिक वेबसाइट w.w.w.mpfr.agristack.gov.iपर जाकर खुद बकेट और खसरे की जानकारी अपडेट कर सकते हैं। इसके अलावा वे स्थानीय युवाओं, लोक सेवा केंद्र या राजस्व एवं कृषि विभाग के कर्मचारियों की मदद भी ले सकते हैं।
जिला प्रशासन ने सभी किसानों से इस कार्य को गंभीरता से लेते हुए जल्द से जल्द पूरा करने का आग्रह किया है ताकि उन्हें भविष्य में निर्बाध रूप से सभी सरकारी योजनाओं, खाद वितरण एवं उपार्जन संबंधी सुविधाओं का लाभ मिलता रहे।
