किसानों के बंटवारा, नामांतरण एवं अन्य लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण सुनिश्चित करें

Advertisement

मानसून शुरू होने से पहले नगरीय निकायों के सभी नालों की साफ सफाई कराई जाये कलेक्टर श्री विवेक श्रोत्रिय ने टीएल बैठक में दिए निर्देश

(टीकमगढ़) कलेक्टर श्री विवेक श्रोत्रिय की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में टीएल बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर श्री विवेक श्रोत्रिय ने तहसीलवार न्यायालयों में नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन रिपोर्ट की समीक्षा करते हुए 5 एकड़ से कम भूमि वाले छोटे किसानों के बंटवारा, नामांतरण एवं अन्य लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में श्री श्रोत्रिय ने समस्त राजस्व अधिकारियों को इस मामले में गंभीरता बरतने के निर्देश दिये। उन्होंने निर्देशित किया कि एक सप्ताह में यदि प्रगति नहीं हुई तो कार्यवाही भी की जायेगी। उन्होंने कहा कि हल्कावार पटवारियों की समीक्षा की जाए और प्रगति की दैनिक मॉनिटरिंग की जाये। उन्होंने सभी राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिए कि गौचर भूमि पर अतिक्रमण वाली जगहों पर कार्यवाही कर शीघ्र अतिक्रमण हटाना सुनिश्चित करें।

श्री श्रोत्रिय ने सभी नगरीय निकायों के सीएमओ को निर्देश दिए कि मानसून शुरू होने से पहले अपने-अपने निकायों के सभी नाले-नालियों की साफ सफाई कराई जाए। उन्होंने जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए पहले से सभी तैयारियां सुनिश्चित करने तथा क्षतिग्रस्त पुल-पुलियों का चिन्हांकन कर आवश्यक सुधारात्मक कार्य कराये जाने के निर्देश दिये। उन्होंने जिले में निर्माणाधीन मुक्तिधाम कार्य की जनपदवार प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने उपार्जन कार्य की समीक्षा के दौरान निर्देश दिए कि आंशिक परिवहन हेतु बचे गेहूं का सोसायटियों से तत्काल परिवहन कराया जाये तथा शेष बचे सभी किसानों का भुगतान पूर्ण कराया जाये। उन्होंने जनगणना कार्य की समीक्षा करते हुए एचएलबी कार्य पूर्ण करने एवं निर्धारित समयसीमा में कार्य संपन्न कराने के निर्देश दिए। साथ ही सभी विभागों को शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा। इसके अतिरिक्त प्रधानमंत्री आवास योजना, पेयजल व्यवस्था, ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं की भी समीक्षा की गई। श्री श्रोत्रिय ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आमजन की समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए तथा शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचे।

श्री श्रोत्रिय ने सीएम हेल्पलाईन की समीक्षा करते हुये बॉटम में रहने वाले एवं सर्वाधिक लंबित शिकायतों वाले विभाग प्रमुखों को शिकायतों को शीघ्र निराकृत करने हेतु सख्त निर्देश दिये। इसके साथ ही उन्होंने कृषि विभाग अंतर्गत कृषि वर्ष 2026, पीएमडीडीकेवाई, क्षीरधारा योजना, फार्मर रजिस्ट्री, डीएमएफ/डीएटीसीसी की बैठक में दिए गए निर्देश, पीएमएवाई, कोर्ट प्रकरण, अवमानना प्रकरण तथा टीएल पत्रों पर की गई कार्यवाही की समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री शिवप्रसाद मंडराह, संयुक्त कलेक्टर श्री शैलेन्द्र सिंह, एसडीएम टीकमगढ़ श्रीमती संस्कृति मुदित लटौरिया, एसडीएम बल्देवगढ़ श्रीमती भारती देवी मिश्रा, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती अंजली शर्मा, श्री निशांत भूरिया, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग श्री ऊदल सिंह ठाकुर, पीओडूडा श्री ओमपाल सिंह भदौरिया, जिला योजना अधिकारी श्री रामबाबू गुप्ता, जिला लोक सेवा प्रबंधक श्री अमन गोयल सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें