आधा घंटे की बारिश में खुली कैमोर नगर परिषद की सफाई व्यवस्था की पोल
नालियां जाम, सड़कों पर फैला कचरा; सफाई व्यवस्था पर उठे सवाल
कैमोर। नगर परिषद कैमोर की सफाई व्यवस्था की वास्तविक स्थिति पहली ही बारिश में सामने आ गई। लगभग आधे घंटे की बारिश के बाद नगर के कई क्षेत्रों में नालियां जाम हो गईं, जिससे नालियों का गंदा पानी और कचरा सड़कों पर फैल गया। इस स्थिति ने नगर परिषद की सफाई व्यवस्था और उसके निरीक्षण तंत्र पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े कर दिए हैं।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय-समय पर नालियों की सफाई और रखरखाव किया जाता तो बारिश के दौरान ऐसी स्थिति उत्पन्न नहीं होती। लोगों ने सवाल उठाया है कि नगर परिषद में कार्यरत सफाई कर्मचारियों के कार्यों की समीक्षा किस प्रकार की जाती है तथा सफाई व्यवस्था की निगरानी करने वाले सुपरवाइजर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किस तरह कर रहे हैं।

नागरिकों ने यह भी मांग की है कि नगर में प्रतिबंधित पॉलीथिन का उपयोग करने, खुले में कचरा फेंकने और गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाए। उनका कहना है कि जब तक नियमों का उल्लंघन करने वालों पर दंडात्मक कार्रवाई नहीं होगी, तब तक स्वच्छता अभियान के अपेक्षित परिणाम नहीं मिल सकेंगे।
लोगों का कहना है कि केवल दीवारों पर स्वच्छता संबंधी स्लोगन और संदेश लिख देने मात्र से नगर को स्वच्छ नहीं बनाया जा सकता। इसके लिए प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों की संयुक्त भागीदारी के साथ नियमित निगरानी, जागरूकता और कड़ी कार्रवाई आवश्यक है।
नगरवासियों ने नगर परिषद से मांग की है कि सफाई व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि आगामी बारिश के मौसम में नागरिकों को ऐसी समस्याओं का सामना न करना पड़े।

