महाराष्ट्र में कर्ज से बचने के लिए रची मौत की साजिश, बेगुनाह युवक की हत्या कर कार में लगाई आग
मुंबई। महाराष्ट्र के जालना में कर्ज से बचने के लिए एक व्यक्ति ने अपनी मौत का झूठा नाटक रचते हुए युवक की हत्या कर दी, जिसका पुलिस जांच में खुलासा होने पर तीन आरोपी गिरफ्तार हुए।
महाराष्ट्र के जालना से एक बेहद चौंकाने वाली और रोमांचक घटना सामने आई है, जहां कर्ज के बोझ से छुटकारा पाने के लिए एक व्यक्ति ने अपनी मौत का झूठा नाटक रचने के लिए एक बेगुनाह युवक की हत्या कर दी। पुलिस की जांच में इस पूरी साजिश का खुलासा हुआ है, जिसके बाद मुख्य आरोपी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
दो दिन पहले जाफराबाद तालुका के गोपी शिवार इलाके में सड़क के किनारे एक कार में भीषण आग लगने की घटना सामने आई थी. आग बुझने के बाद कार के अंदर सवार एक व्यक्ति का शव पूरी तरह जलकर राख हो गया था. पहली नजर में ऐसा लगा कि यह सड़क हादसा या आग लगने की सामान्य घटना है.
हालांकि, जाफराबाद पुलिस को शव की पहचान और घटना की परिस्थितियों पर संदेह हुआ। इसके बाद पुलिस ने तुरंत घटना की गंभीरता को समझते हुए इस मामले की गहराई से जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और अन्य जानकारियों को खंगाला, जिससे कई चौंकाने वाले राज सामने आए।
कर्ज से बचने के लिए रची गई खौफनाक योजना
अपर पुलिस अधीक्षक द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, मुख्य आरोपी नितिन गवळी भारी कर्ज में डूबा हुआ था। इस कर्ज के जाल से खुद को बचाने के लिए उसने अपनी ही मौत का झूठा नाटक रचने का फैसला किया।
इस साजिश के तहत नितिन गवळी और उसके साथियों ने पहले संदीप चव्हाण नामक युवक का गला घोंटकर हत्या कर दी. इसके बाद शव को कार की ड्राइवर सीट पर बैठाया गया और कार में आग लगा दी गई, ताकि सभी को लगे कि कार में जलकर मरने वाला व्यक्ति नितिन गवळी ही है।
तीन आरोपी गिरफ्तार
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि जिस व्यक्ति को मृत माना जा रहा था, वह नितिन गवळी जिंदा है। इसके बाद पूरी साजिश का पर्दाफाश हो गया। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए नितिन गवळी, अमित फुलारे और आकाश गवळी को गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि साजिश में अन्य लोग शामिल थे या नहीं।
✍️ संजीव भागीरथी पांडे
महाराष्ट्र प्रमुख
RPKP INDIA NEWS

