अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में 14 जून को होगा विशेष ऑनलाइन योग सत्र
टोल-फ्री नंबर 1800-315-7008 पर मिस्ड कॉल देकर करें पंजीयन
(जबलपुर) अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के गरिमापूर्ण आयोजन की पूर्व तैयारियों के क्रम में आयुष मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा जन-भागीदारी को प्रोत्साहित करने के लिए एक विशेष ऑनलाइन योग सत्र का आयोजन किया जा रहा है। यह सत्र आगामी 14 जून 2026 को प्रातः 06:15 बजे से 07:35 बजे तक आयोजित होगा। इस योग सत्र में सम्मिलित होने के इच्छुक प्रतिभागी टोल-फ्री नंबर 1800-315-7008 पर मिस्ड कॉल देकर अपना पंजीयन करा सकते हैं।
पंजीयन पूर्ण होने के उपरांत, प्रतिभागी को व्हाट्सएप के माध्यम से ऑनलाइन सत्र की लिंक प्राप्त होगी। इस आयोजन में प्रत्येक प्रतिभागी अपने व्यक्तिगत मोबाइल से पृथक रूप से लॉग-इन करना अनिवार्य होगा। आयुष मंत्रालय द्वारा समस्त शासकीय विभागों के अधिकारियों एवं उनके अधीनस्थ कार्यरत समस्त शासकीय सेवकों को इस सत्र से अनिवार्य रूप से जुड़ने और योगाभ्यास में सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही आमजन से भी अपील की गई है कि वे इस अनूठे ऑनलाइन योग सत्र का हिस्सा बनने के लिए अधिक से अधिक संख्या में पंजीयन कराएं।
