कोरोना प्रकरणो की बढ़ती संख्या की कलेक्टर ने की वृहद समीक्षा
( अनुपपुर )
आमजनो से कोरोना से बचाव हेतु सुरक्षा उपायों के पालन की अपील की, लॉकडाउन सतत रूप से नही रखा जा सकता, नागरिकों को निभाना होगा दायित्व, संक्रमण प्रकरणो का त्वरित चिन्हांकन एवं उपचार करने की रणनीति पर कार्य जारी रहेगा
कलेक्टर चंद्रमोहन ठाकुर ने समय सीमा की साप्ताहिक समीक्षा बैठक में विगत दिनो बड़ी संख्या में प्राप्त हुए कोरोना प्रकरणो की वृहद समीक्षा की। उल्लेखनीय है कि विगत दिवस प्राप्त प्रकरणों में मुख्य रूप से जैतहरी नगरीय क्षेत्र में कोरोना मरीजों की बहुलता रही। समीक्षा में यह पाया गया कि मुख्य रूप से कोरोना प्रकरण व्यापारी वर्ग में प्राप्त हुए हैं। जिस पर आपने सभी अनुविभागीय दंडाधिकारियों से सम्बंधित क्षेत्रों में व्यापारी वर्ग से चर्चा करने एवं कोरोना से बचाव हेतु समस्त सुरक्षात्मक उपायों को सुनिश्चहित करने के निर्देश दिए हैं।
उल्लेखनीय है कि कलेक्टर श्री ठाकुर के निर्देशानुसार अनूपपुर जिले का ऐसा वर्ग जिनका आमजनो के साथ सम्पर्क ज्यादा है जैसे- जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, पुलिसकर्मी, स्वास्थ्यकर्मी, मीडिया प्रतिनिधि, व्यापारी वर्ग एवं अन्य शासकीय सेवकों की वृहद कोरोना टेस्टिंग की गयी है, जिसके फलस्वरूप कोरोना प्रकरणों का चिन्हांकन हुआ है। आपने उक्त गतिविधि को नियमित रूप से संचालित कर वृहद टेस्टिंग का अभियान जारी रखने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर ने कहा लॉकडाउन एवं कर्फ्यू को अधिक समय सीमा तक अधिरोपित नही किया जा सकता है। कोरोना से बचाव के साथ-साथ आर्थिक गतिविधियों का संचालित होना भी महत्वपूर्ण है। इस हेतु यह आवश्यक है कि सभी नागरिक जिम्मेदार आचरण का परिचय दें एवं समस्त सुरक्षात्मक उपायों को अपनाकर कोरोना से लड़ाई में शासन प्रशासन को सहयोग करें।
श्री ठाकुर ने कहा कोरोना से लड़ाई लम्बी चलेगी इस हेतु सभी नागरिकों की अहम भूमिका है। आपने उपायों को दिनचर्या का अभिन्न अंग बनाने की अपील की है। आपने कहा अनूपपुर जिले के समस्त नागरिकों से अपेक्षित है कि अनावश्यक बाहर न निकलें, बाहर निकलने पर चेहरे को मास्क, फेस कवर आदि से ढँककर रखें। नियमित रूप से साबुन से हाथ धोएँ अथवा सैनिटाईजर का प्रयोग करें। किसी भी प्रकार के लक्षण होने पर तुरंत नजदीकी फीवर क्लीनिक में सम्पर्क करें। सुरक्षा एवं सावधानी ही कोरोना का सर्वश्रेष्ठ बचाव है।
20 हजार से लक्ष्य बढ़कर हुआ 32 हजार
कलेक्टर ने बताया कि खाद्य विभाग द्वारा जिले में पूर्व में स्वीकृत 20433 नवीन पात्रों का लक्ष्य बढ़ाकर 32 हजार कर दिया गया है। श्री ठाकुर ने सम्बंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि उक्त के सम्बंध में आवश्यक कार्यवाही समय से पूर्ण करें। आपने कहा किसी भी स्थिति में कोई भी पात्र पात्रतापर्ची से वंचित नही होना चाहिए। इस दौरान आपके द्वारा नगरपालिकावार एवं जनपदवार लक्ष्य के सम्बंध में अद्यतन प्रगति की समीक्षा की गयी एवं आवश्यक निर्देश दिए गए।
रेस्क्यू दल सदैव तैयार रहें
नगरीय निकायों में आंतरिक मार्गों को दुरुस्त करने के कलेक्टर ने दिए निर्देश
कलेक्टर ने वर्तमान वर्ष में बढ़ी हुई बारिश के प्रति ध्यानाकर्षण करते हुए राजस्व एवं सम्बंधी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अतिवर्षा, जलभराव एवं बाढ़ की स्थिति पर सतत निगरानी रखें। रेस्क्यू दल को चिंहांकित कर उन्हें सजग करके रखें, ताकि आवश्यकता पड़ने पर त्वरित सहयोग उपलब्ध कराया जा सके। आपने सभी नगरपालिका अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सम्बंधित क्षेत्रों में आंतरिक मार्गों में आवागमन चालू रहे इस हेतु आवश्यक सुधार कार्य प्राथमिकता के साथ किया जाय। मार्ग अवरुद्ध होने अथवा जलभराव की स्थिति में तुरंत निदानात्मक कार्यवाही करें।
इस दौरान कलेक्टर ने ग्रामीण क्षेत्रों भाटीबहरा, सीतापुर, पोड़ापानी आदि क्षेत्रों से प्राप्त आवागमन की समस्याओं का उल्लेख करते हुए सम्बंधित अधिकारियों को आवश्यक प्रस्ताव तैयार कर शीघ्र कार्यवाही करने के निर्देश दिए एवं अब तक किए गए कार्य की प्रगति की समीक्षा की। आपने विभागीय अधिकारियों को अतिवर्षा की वजह से मार्ग अवरुद्ध होने के सम्बंध में प्राथमिकता के साथ ऐसे स्थलों में आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चहित करने के निर्देश दिए हैं।
वनाधिकार निरस्त दावों में प्राथमिकता के साथ कार्यवाही करते हुए एसडीएलसी अग्रेषित करे प्रस्ताव
कलेक्टर द्वारा निरस्त वनाधिकार दावों के सम्बंध में की गयी कार्यवाही की अनुभागवार समीक्षा की गयी एवं निर्देश दिए गए कि सभी एसडीएम, एफआरसी द्वारा अग्रेषित प्रकरणों पर एसडीएलसी स्तर पर कार्यवाही पूर्ण कर शीघ्र जिला स्तर पर प्रकरण अग्रिम कार्यवाही हेतु अग्रेषित करें।
जैतहरी जनपद में प्रकरणो की है बहुलता
6352 गौवंश पशु हो चुके हैं संक्रमित, 3000 का हो चुका है इलाज
बैठक में उप संचालक पशु चिकित्सा डॉ वी॰पी॰एस॰ चौहान ने बताया कि विगत माह से जिले के गौवंश पशुओं में जो वायरल डिसीज पायी गयी है, उसकी विशेषज्ञों द्वारा जाँच की गयी, तथा उसका चिन्हांकन लम्पी स्किन डिसीज वाइरस किया गया है। आपने बताया उक्त वायरस की कोई मेडिसिन अथवा टीका नही है, लक्षण के आधार पर इलाज किया जा रहा है। डॉ चौहान ने बताया उक्त बीमारी का प्रसार जिले में छत्तीसगढ़ से हुआ है तथा जिले में जैतहरी जनपद में इसके सर्वाधिक प्रकरण प्राप्त हुए हैं। अब तक 201 ग्रामों में 6352 गौवंश पशुओं में यह बीमारी चिह्नांकित की जा चुकी है, जिनमे से 3000 का उपचार किया जा चुका है। कलेक्टर द्वारा उक्त सम्बंध में पशु चिकित्सा विभाग को सजग रहने एवं उपचार सेवाओं की उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
नगरपालिका अधिकारियों को कलेक्टर ने दिए निर्देश
सड़कों में आवारा पशुओं के पाए जाने से हो रही दुर्घटनाओं पर संज्ञान लेते हुए कलेक्टर ने सभी नगरपालिका अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सड़कों में आवारा पशु विचरण न करें इस हेतु अभियान चलाकर ऐसे समस्त पशुओं को गौशाला में शिफ्ट किया जाय।
इस दौरान कलेक्टर द्वारा सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों, समय सीमा में चिन्हित विषयों एवं अंतर्विभागीय सामंजस्य के विषयों में चर्चा कर सम्बंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। बैठक में अपर कलेक्टर सरोधन सिंह, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत मिलिंद नागदेवे सहित सम्बंधित अधिकारी उपस्थित थे।
