UCC के नाम पर जनता का ध्यान भटकाना बंद करे भाजपा सरकार, आदिवासियों और युवाओं के सवालों का जवाब दे — जीतू पटवारी

(भोपाल) मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा है कि प्रदेश में यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) लागू करने की चर्चा भारतीय जनता पार्टी सरकार का एक राजनीतिक एजेंडा है, जिसका उद्देश्य जनता का ध्यान प्रदेश के वास्तविक और गंभीर मुद्दों से भटकाना है।

श्री पटवारी ने कहा कि आज मध्य प्रदेश का युवा बेरोजगारी से परेशान है, महंगाई लगातार बढ़ रही है, किसान संकट में हैं और आदिवासी समाज अपने अधिकारों एवं सुरक्षा को लेकर चिंतित है। ऐसे समय में भाजपा सरकार जनता के मूल मुद्दों पर जवाब देने के बजाय UCC जैसे विषयों को आगे बढ़ाकर राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास कर रही है।

उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से सवाल किया कि आदिवासी समाज के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा की गई गारंटियां कब पूरी होंगी? आदिवासी क्षेत्रों में विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के जो वादे किए गए थे, उनका क्या हुआ?

श्री पटवारी ने कहा कि प्रदेश में आदिवासी बहनों के लापता होने, उनके साथ अत्याचार और उत्पीड़न की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। सरकार बताए कि इन बहनों की सुरक्षा और न्याय की गारंटी कौन देगा? भाजपा सरकार इन मामलों में जवाबदेही तय करने में क्यों विफल रही है?

श्री पटवारी ने कहा कि यदि UCC वास्तव में इतना ही आवश्यक है, तो सरकार स्पष्ट करे कि इससे आदिवासी समाज की परंपराओं, रीति-रिवाजों, सांस्कृतिक पहचान और संविधान द्वारा प्रदत्त विशेष अधिकारों की सुरक्षा किस प्रकार सुनिश्चित की जाएगी। सरकार को आदिवासी समाज की आशंकाओं का स्पष्ट उत्तर देना चाहिए।

उन्होंने कहा कि UCC को राज्यों में लागू करने की चर्चा जनता का ध्यान महंगाई, बेरोजगारी, आर्थिक संकट और अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों से हटाने की एक सोची-समझी रणनीति का हिस्सा प्रतीत होती है। भाजपा सरकार को प्रचार और भ्रम फैलाने के बजाय जनता के सवालों का जवाब देना चाहिए।

श्री पटवारी ने कहा कि प्रदेश की जनता को विज्ञापन, प्रचार और राजनीतिक विमर्श नहीं, बल्कि अपने जीवन से जुड़े मुद्दों पर ठोस समाधान और जवाब चाहिए। कांग्रेस पार्टी जनता के अधिकारों, आदिवासी समाज की अस्मिता और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करती रहेगी।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें