मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 33.92 लाख पेंशन हितग्राहियों के खातों में भेजे ₹203.56 करोड़

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि बुजुर्गों, दिव्यांगजनों और असहाय लोगों का सम्मान करना हमारी संस्कृति और धर्म का हिस्सा है। राज्य सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने मंत्रालय से आयोजित कार्यक्रम में सिंगल क्लिक के माध्यम से प्रदेश के 33 लाख 92 हजार 695 सामाजिक सुरक्षा पेंशन हितग्राहियों के खातों में 203 करोड़ 56 लाख रुपये की राशि अंतरित की। कार्यक्रम में प्रदेशभर के हितग्राही वर्चुअली जुड़े।

सामाजिक सुरक्षा पेंशन सम्मान और सुरक्षा का प्रतीक

मुख्यमंत्री ने कहा कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन केवल आर्थिक सहायता नहीं बल्कि सरकार की ओर से गरीब, बुजुर्ग, दिव्यांग और जरूरतमंद नागरिकों के प्रति सम्मान, सुरक्षा और भरोसे का प्रतीक है। सरकार चाहती है कि प्रदेश का कोई भी निर्धन परिवार या असहाय नागरिक स्वयं को बेसहारा महसूस न करे।

प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में अंत्योदय का संकल्प

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अंत्योदय का संकल्प तेजी से साकार हो रहा है। केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं से करोड़ों लोगों का जीवन स्तर बेहतर हुआ है।

उन्होंने बताया कि पिछले 10 वर्षों में देश के 25 करोड़ से अधिक लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं। वहीं प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत 80 करोड़ से अधिक लोगों को हर महीने मुफ्त राशन मिल रहा है।

किसानों के लिए भी बड़ी घोषणा

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने किसानों के हित में बड़ा फैसला लेते हुए शून्य प्रतिशत ब्याज दर पर कृषि ऋण उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है। अब किसान जिस दिन ऋण लेंगे, उसके अगले 12 महीनों के भीतर राशि वापस कर सकेंगे।

कार्यक्रम में रहे मौजूद

इस अवसर पर सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण मंत्री नारायण सिंह कुशवाहा, मुख्य सचिव अनुराग जैन सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। प्रदेश के विभिन्न जिलों से वरिष्ठ नागरिक, दिव्यांगजन और अन्य हितग्राही कार्यक्रम से वर्चुअली जुड़े।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें