विधायक की शिकायत के बाद हरकत मे आया प्रशासन , टायर से तेल बनाने वाली फैक्ट्रियों का कलेक्टर ने किया औचक निरीक्षण

दस्तावेजों की जांच कर नियमों के पालन के दिए निर्देश, वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

(कटनी) बड़वारा विधानसभा क्षेत्र में संचालित टायर से तेल बनाने वाली फैक्ट्रियों से जुड़े पर्यावरणीय मुद्दों को लेकर विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह की पहल के बाद जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। मुख्यमंत्री के नाम भेजे गए शिकायत पत्र के बाद कलेक्टर आशीष तिवारी ने संबंधित फैक्ट्रियों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों के साथ आवश्यक दस्तावेजों की जांच की।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने फैक्ट्री संचालकों से पर्यावरणीय स्वीकृतियों सहित अन्य आवश्यक अभिलेखों का अवलोकन किया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी औद्योगिक इकाइयां पर्यावरणीय मानकों एवं शासन द्वारा निर्धारित नियमों का पूर्णतः पालन करें। नियमों के अनुपालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए, ताकि उद्योगों के संचालन के साथ-साथ आसपास के लोगों का स्वास्थ्य और पर्यावरण भी सुरक्षित रहे।

कलेक्टर ने निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और कहा कि समय-समय पर औद्योगिक इकाइयों का निरीक्षण कर नियमों के पालन की सतत निगरानी की जाए। इससे उद्योगों में जवाबदेही बढ़ेगी और पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों को भी मजबूती मिलेगी।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर आशीष तिवारी ने परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। उन्होंने कहा कि औद्योगिक विकास और पर्यावरण संरक्षण दोनों साथ-साथ चलें, यही प्रशासन की प्राथमिकता है। वृक्षारोपण के माध्यम से हरित वातावरण को बढ़ावा देने और प्रकृति के संरक्षण का संदेश दिया गया।

गौरतलब है कि विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह ने क्षेत्र के नागरिकों की चिंताओं को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री के समक्ष यह विषय उठाया था। इसके बाद जिला प्रशासन द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए औचक निरीक्षण किया गया, जिसे पर्यावरण संरक्षण और सुशासन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

✍️ अमित तिवारी

         न्यूज एडिटर

  RPKP INDIA NEWS

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें