कैमोर में घोषित किया गया 20 बिस्तरों का अस्थाई कोविड सेन्टर
कटनी – कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट शशिभूषण सिंह ने मध्यप्रदेश लोक स्वास्थ्य अधिनियम एवं आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 के अन्तर्गत कैमोर में एसीसी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय को 20 बिस्तरों को अस्थाई कोविड सेन्टर घोषित करते हुये आदेश जारी किया है। कोविड-19 से बचाव एवं सुरक्षा के लिये आकस्मिक और अपरिहार्य परिस्थितियों के लिये कटनी जिले के विजयराघवगढ़ सिविल हॉस्पिटल में बिस्तरों की पर्याप्त सख्या नहीं होने व कोविड-19 के संक्रमण के फैलाव एवं मरीजों की बढ़ती संख्या के दृष्टिगत कैमोर में अस्थाई कोविड केयर सेन्टर बनाया गया है।
जारी आदेश में खण्ड चिकित्सा अधिकारी सिविल अस्पताल विजयराघवगढ़ को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं प्राचार्य एसीसी स्कूल कैमोर को भवन की साफ-सफाई की पूर्ण व्यवस्था व आवश्यकता अनुसार कार्यकर्ता की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिये निर्देशित किया गया है। अधिग्रहित किये गये भवन में आवश्यक व्यवस्थाओं हेतु उस क्षेत्र के अनुविभागीय दण्डाधिकारी, तहसीलदार, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत, सीएमओ नगर परिषद् की सम्पूर्ण जिम्मेदारी निर्धारित की गई है। विद्यालय में कार्यरत कर्मचारियों व अध्यापकों को सोशल डिसटेन्सिंग का पालन कराया जायेगा।
