सभी संबंधित अधिकारी जिले में संचालित सभी विद्यालयों,छात्रावासों एवं मिडडेमील का करें औचक निरीक्षण कलेक्टर श्री विवेक श्रोत्रिय ने टीएल बैठक में दिए निर्देश

(टीकमगढ़)  कलेक्टर श्री विवेक श्रोत्रिय की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में टीएल बैठक आयोजित की गई। बैठक में श्री श्रोत्रिय ने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के प्रभावी क्रियान्वयन के बारे में मजिस्ट्रेट अधिकारियों एवं जिलाधिकारियों को निर्देशित किया। सभी दुकानदारों, होटल मालिक, रेस्टोरेंट मालिक,ठेला संचालकों एवं गुमटी संचालको के लिए डस्टबिन रखना अनिवार्य करें और प्रतिष्ठान से निकलने वाले कचरे को एकत्रित कर नगर पालिका के कचरा संग्रहण वाहन में ही डालना अनिवार्य करें।

यदि कोई संचालक डस्टबिन नहीं रखता है या उसके प्रतिष्ठान के आस पास कचरा जमा दिखता है तो उस पर नियमानुसार जुर्माने की कार्यवाही की जाए। उन्होंने सभी नगर पालिका अधिकारियों को निर्देशित किया कि कचरा प्रबंधन के लिए नगर के प्रत्येक घर, दुकान एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठान में डस्टबिन की व्यवस्था सुनिश्चित कर गीले और सूखे कचरे को स्रोत पर ही पृथक-पृथक एकत्रित किया जाए।

जिले की समस्त नगर पालिकाओं में संचालित कचरा वाहनों में जीपीएस सिस्टम लगाए जाएं,जिसके उनकी सतत् मॉनिटरिंग की जा सके।बैठक में कलेक्टर श्री विवेक श्रोत्रिय ने सभी मैजिस्ट्रेट अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले में संचालित सभी विद्यालयों एवं स्कूल शिक्षा विभाग एवं जनजातीय कार्य विभाग द्वारा संचालित छात्रावासों एवं मिडडेमील केंद्रों का औचक निरीक्षण करें।

निरीक्षण के दौरान अव्यवस्था पाये जाने पर पंचनामा बनाकर कार्यवाही हेतु रिपोर्ट प्रस्तुत करें। बैठक में कलेक्टर श्री श्रोत्रिय ने सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों के निराकरण को प्राथमिकता पर रखने हेतु निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि सभी विभाग प्रमुख 50 दिवस से अधिक के प्रकरणों को शीघ्र निराकृत करें।

उन्होंने जिलाधिकारी वार सीएम हेल्पलाइन शिकायतों की समीक्षा कर सम्बन्धित विभाग प्रमुख को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। श्री श्रोत्रिय ने राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया कि नेशनल हाईवे एवं केन बेतवा लिंक परियोजना के भू अर्जन प्रक्रिया की निरंतर समीक्षा करते रहें एवं इस कार्य को प्राथमिकता पर रखते हुए समय पर प्रकिया पूर्ण करें।

बैठक में अपर कलेक्टर श्री शिवप्रसाद मंडराह ने हाईकोर्ट के लंबित प्रकरणों की एसडीएम कोर्ट वार विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने प्रत्येक प्रकरण को देखते हुए संबंधित अधिकारी को जबाव प्रस्तुत करने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि हाई कोर्ट के लंबित अवमानना प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण करें।

हाई कोर्ट के पोर्टल से सभी अपने विभाग के प्रकरण एवं आदेश को निकालकर उत्तर प्रस्तुत करें। बैठक में मानसून पूर्व तैयारी की समीक्षा,राजस्व प्रकरण,फार्मर रजिस्ट्री, स्वामित्व योजना,ईदृविकास पोर्टल से खाद वितरण, कृषि विभाग अंतर्गत कृषि वर्ष 2026,पीएमडीडीकेवाई, क्षीर धारा ग्राम योजना, पीएमएवाई, सीएम हेल्पलाइन, कोर्ट प्रकरण, अवमानना प्रकरण,आयुष्मान भारत योजना, टीएल पत्रों पर की गई कार्यवाही, विगत टीएल बैठक में दिए निर्देशों की समीक्षा की गई।

इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री नवीत कुमार धुर्वे, अपर कलेक्टर श्री शिवप्रसाद मंडराह, संयुक्त कलेक्टर श्री कौशल सिंह गौतम, एसडीएम टीकमगढ़ श्रीमती संस्कृति मुदित लटोरिया, एसडीएम जतारा श्री नीरज खरे, प्रभारी एसडीएम बल्देवगढ़ श्री निशांत भूरिया, डिप्टी कलेक्टर श्री एसके तोमर, श्रीमती शुभ्रता त्रिपाठी एवं श्रीमती अंजली शर्मा, सीएमएचओ डॉ. ओपी अनुरागी, सिविल सर्जन डॉ. अमित शुक्ला, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग श्री ऊदल सिंह, जिला योजना अधिकारी श्री रामबाबू गुप्ता, जिला लोक सेवा प्रबंधक श्री अमन गोयल सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें