‘छात्रों की गूंज’ अभियान के अंतर्गत आयोजित ‘युवा स्वाभिमान : GEN-Z Cyclothon’ का भोपाल में भव्य समापन, युवाओं के अधिकारों की आवाज़ बुलंद

(भोपाल) RPKP INDIA NEWS प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के नेतृत्व में ‘छात्रों की गूंज’ अभियान के अंतर्गत इंदौर से भोपाल तक आयोजित दो दिवसीय ‘युवा स्वाभिमान : GEN-Z Cyclothon’ का आज दूसरे दिन भव्य समापन भोपाल में हुआ। यात्रा का शुभारंभ आज आष्टा से हुआ, जिसमें प्रदेशभर से आए युवाओं, छात्र-छात्राओं, वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की।

द्वितीय दिवस की यात्रा कोठरी से प्रारंभ होकर अमलाई, सोंडा, गुढ़भेला, आईटीसी चौराहा, कोतवाली चौराहा (सीहोर) एवं फंदा टोल नाका होते हुए भोपाल की ओर अग्रसर हुई। भोपाल आगमन के दौरान यात्रा खजूरी, भौंरी जोड़, चिरायु हॉस्पिटल, बैरागढ़, लालघाटी एवं वीआईपी गेस्ट हाउस (कलेक्ट्रेट के पहले) से होकर निकली, जहां विभिन्न स्थानों पर नागरिकों एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने यात्रा का स्वागत किया।

इसके पश्चात एलबीएस हॉस्पिटल रोड, ताजुल मस्जिद के सामने, रॉयल मार्केट तिराहा, भोपाल में विशाल जनसभा आयोजित की गई।

जनसभा में प्रदेश कांग्रेस प्रभारी शहरीश चौधरी, मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार , प्रदेश सह प्रभारी रणविजय लोचव, पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, सुखदेव पांसे, सचिन यादव, सुश्री विजयलक्ष्मी साधौ, विधायक आरिफ मसूद, आतिफ अकील, महेश परमार सहित समस्त विधायकगण, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव कुणाल चौधरी, युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष यश घनघोरिया, एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष चौकसे, महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती रीना बौरासी, सेवादल प्रदेश अध्यक्ष अवनीश भार्गव, किसान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह चौहान, पूर्व विधायक रवि जोशी, शैलेंद्र पटेल, एनएसयूआई के राष्ट्रीय सह प्रभारी अंशुल त्रिवेदी, भोपाल शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रवीण सक्सेना, भोपाल ग्रामीण कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अनोखी पटेल सहित प्रदेश के समस्त जिला कांग्रेस अध्यक्ष, वरिष्ठ नेता, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, महिला कांग्रेस एवं सेवादल के पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

जनसभा को संबोधित करते हुए हरीश चौधरी ने कहा कि छात्रों की गूंज’ अभियान शिक्षा, रोजगार और युवाओं के अधिकारों की लड़ाई का जनआंदोलन है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में शिक्षा व्यवस्था लगातार कमजोर हो रही है, सरकारी स्कूल बंद किए जा रहे हैं, परीक्षाओं में पारदर्शिता खत्म हो रही है और युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नीट और अन्य परीक्षाओं में सामने आई अनियमितताओं ने देश की शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

श्री चौधरी ने कहा कि आज कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में कक्षाएं खाली हैं क्योंकि युवाओं के सामने रोजगार का संकट गहराता जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार न युवाओं को रोजगार दे पा रही है, न किसानों को राहत और न ही छात्रों को निष्पक्ष अवसर। उन्होंने कहा कि ‘युवा स्वाभिमान : GEN-Z Cyclothon’ का उद्देश्य युवाओं की आवाज़ को जन-जन तक पहुंचाना और शिक्षा, रोजगार तथा लोकतांत्रिक संस्थाओं की रक्षा के लिए जनजागरण करना है। कांग्रेस पार्टी युवाओं के अधिकारों और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर संघर्ष करती रहेगी।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि आदरणीय श्री राहुल गांधी जी द्वारा शुरू किए गए “छात्रों की गूंज” अभियान के तहत कांग्रेस पार्टी देश के हर छात्र को न्याय दिलाने के लिए संकल्पित है। उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस एवं एनएसयूआई द्वारा आयोजित 200 किलोमीटर की ‘युवा स्वाभिमान : GEN-Z Cyclothon’ के माध्यम से दो दिनों में 2 लाख से अधिक लोग जुड़े और शिक्षा, रोजगार तथा छात्रों के अधिकारों की आवाज़ बुलंद हुई।

श्री पटवारी ने आरोप लगाया कि नरेंद्र मोदी सरकार के 12 वर्षों में 90 बार पेपर लीक हुए और 50 से अधिक परीक्षाएँ निरस्त करनी पड़ीं। मध्य प्रदेश में व्यापम और पीएससी सहित भर्ती परीक्षाओं में लगातार घोटाले सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की मांग है कि पेपर लीक के मामलों का एक महीने के भीतर निराकरण कर दोषियों को कड़ी सजा दी जाए।

उन्होंने कहा कि 25 वर्षों की भाजपा सरकार में प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था बदहाल हो गई है। 37 हजार करोड़ रुपये के शिक्षा बजट के बावजूद सरकारी स्कूलों में शिक्षक, भवन, बिजली और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभाव है तथा लगभग 50 प्रतिशत शिक्षकों के पद रिक्त हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार युवाओं को रोजगार, छात्रों को निष्पक्ष परीक्षाएं और किसानों को राहत देने में विफल रही है।

श्री पटवारी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी शिक्षा, पारदर्शी भर्ती, रोजगार और युवाओं के भविष्य की रक्षा के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगी तथा “छात्रों की गूंज” अभियान के माध्यम से हर छात्र की आवाज़ को मजबूती से उठाती रहेगी।

नेता प्रतिपक्ष श्री उमंग सिंघार ने कहा कि ‘छात्रों की गूंज’ केवल एक साइक्लोथॉन नहीं, बल्कि देश के लोकतंत्र, युवाओं के अधिकारों और भविष्य की लड़ाई का जनआंदोलन है। उन्होंने कहा कि आज की Gen-Z को देश का भविष्य तय करना होगा, क्योंकि यदि युवा आगे नहीं आए तो उनका अपना भविष्य भी सुरक्षित नहीं रहेगा। उन्होंने शहीद चंद्रशेखर आज़ाद, भगत सिंह और महात्मा गांधी के संघर्ष को याद करते हुए युवाओं से लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए आगे आने का आह्वान किया।

उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में किसान संकट में हैं, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर लगातार कम हो रहे हैं और सरकारी भर्तियों के स्थान पर आउटसोर्स व्यवस्था को बढ़ावा दिया जा रहा है। श्री सिंघार ने कहा कि कांग्रेस पार्टी राहुल गांधी की सोच के अनुरूप मध्य प्रदेश में वार्षिक भर्ती कैलेंडर जारी करने की मांग करेगी, ताकि युवाओं को समयबद्ध और पारदर्शी रोजगार के अवसर मिल सकें। उन्होंने विश्वास दिलाया कि कांग्रेस युवाओं, छात्रों और किसानों की आवाज़ को विधानसभा से लेकर सड़क तक मजबूती से उठाती रहेगी।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें