19 जुलाई को मध्यप्रदेश कांग्रेस विधायक दल की बैठक, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के नेतृत्व में विधानसभा सत्र की रणनीति पर होगा मंथन

(भोपाल) RPKP INDIA NEWS आगामी विधानसभा सत्र की रणनीति तय करने और जनहित के महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा के लिए रविवार, 19 जुलाई 2026 को शाम 7:30 बजे नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के निवास बी-12 (ए), 74 बंगला, भोपाल में कांग्रेस विधायक दल की बैठक आयोजित की गई है।

बैठक में आगामी विधानसभा सत्र के दौरान सदन में उठाए जाने वाले प्रमुख जनहित के विषयों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी तथा सरकार को जनता से जुड़े मुद्दों पर घेरने की रणनीति तैयार की जाएगी।

बैठक में जिन प्रमुख विषयों पर चर्चा होगी, उनमें मुख्यमंत्री एवं उनके परिवार से जुड़े भूमि घोटाले का मामला, किसान संकट, सरकारी नौकरियों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए वार्षिक जॉब कैलेंडर जारी करने की मांग, युवाओं के रोजगार एवं भर्ती परीक्षाओं में व्यापक सिस्टम सुधार, UCC, आदिवासियों एवं दलितों के अधिकारों से जुड़े विषय, महिलाओं पर बढ़ते अत्याचार तथा शिक्षा एवं स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार एवं प्रदेश में सामने आ रहे घोटाले, भ्रष्टाचार जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे शामिल हैं।

नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा, कांग्रेस विधायक दल जनता की आवाज को पूरी मजबूती के साथ विधानसभा में उठाएगा। प्रदेश में बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, महिलाओं की सुरक्षा, केन-बेतवा सहित आदिवासियों और दलितों के अधिकारों पर लगातार गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। सरकार जवाबदेही से बच नहीं सकती।

उन्होंने कहा कि विधानसभा का आगामी सत्र जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने और सरकार से जवाब मांगने का सत्र होगा। कांग्रेस विधायक दल पूरी तैयारी और एकजुटता के साथ जनता की अपेक्षाओं को सदन में रखेगा तथा प्रदेश के हर वर्ग से जुड़े मुद्दों पर सरकार को जवाब देने के लिए मजबूर करेगा।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें