फिनिशिंग का कार्य पूर्ण कर विभाग को शीघ्र हस्तांतरण के निर्देश
कलेक्टर ने किया पीआईयू के नवनिर्मित परियोजना कार्यों का निरीक्षण
कटनी – कलेक्टर शशिभूषण सिंह ने बुधवार को परियोजना क्रियान्वयन इकाई लोक निर्माण द्वारा नवनिर्मित परियोजना भवनों का निरीक्षण किया और क्रियान्वयन एजेन्सी को भवनों के इलेक्ट्रीफिकेशन के साथ ही फिनिशिंग का कार्य शीघ्र पूर्ण कर उन्हें संबंधित विभागों को हैण्डओव्हर करने के निर्देश दिये। कलेक्टर ने माधवनगर उत्कृष्ट विद्यालय के वृहद कक्ष, अतिरिक्त कक्ष, बालक और बालिका छात्रावास सरसवाही में आदिम जाति विभाग के लिये नवनिर्मित कन्या शिक्षा परसिर के भवनों का निरीक्षण किया। इस दौरान प्रभारी निगमायुक्त अशफाक परवेज कुरैशी, पीआईयू के कार्यपालन यंत्री तथा एसडीओ भी उपस्थित रहै।
कलेक्टर श्री सिंह ने उत्कृष्ट विद्यालय माधवनगर के नवनिर्मित 200 छात्रों की सिटिंग कैपीसिटी वाले वृहद कक्ष का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होने विद्यालय के दूसरे गेट की मरम्मत और एप्रोच रोड बनाकर वृहद कक्ष के लिये पृथक मार्ग बनाने के निर्देश दिये। प्राचार्य विभा श्रीवास्तव ने बताया कि हाल में बैठक व्यवस्था के लिये 200 कुर्सियां रखी जायेंगी। प्रेक्षागृह और असेम्बली के अलावा बैडमिंटन कोर्ट के रुप में भी इस वृहद कक्ष का उपयोग किया जायेगा। कलेक्टर श्री सिंह ने उत्कृष्ट विद्यालय के अतिरिक्त कक्ष और उपलब्ध कराये गये स्कूल फर्नीचर तथा बालक और बालिका छात्रावास के लगभग पूर्ण हो चुके आवासीय भवनों का निरीक्षण किया। उन्होने बालिका छात्रावास के परिसर की फिलिंग कराकर समतलीकरण और दोनों छात्रावास के परिसर में वृक्षारोपण कराने के निर्देश भी कार्यकारी एजेन्सी को दिये।
आदिम जाति विभाग के सरसवाही में लगभग पूर्ण हो चुके कन्या शिक्षा परिसर के स्कूल भवन, छात्रावास भवन और शिक्षकीय आवासीय परिसर के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि इलेक्ट्रीफिकेशन और परिसर में वृक्षारोपण कार्य पूर्ण कर भवन शीघ्र विभाग को हस्तांतरित करें। पीआईयू के अधिकारियों ने बताया कि गतिविधियों के संचालन के लिये कन्या शिक्षा परिसर लगभग तैयार हो चुका है। छात्रावास में 140 और 351 छात्राओं की रहवासी क्षमता से युक्त छात्रावास भवनों में किचेन, पानी, फर्नीचर इत्यादि की सम्पूर्ण व्यवस्था कर ली गई है। छात्रावास में दोनों भवनों में 2 ओव्हरहैड टैंक और एक लाख लीटर संग्रहण क्षमता का सम्पवेल भी बनाया गया है। परिसर में छायादार और फलदार पौधों का रोपण किया जा रहा है। भवन की पुताई और रंगरोंगन तथा बाउण्डरी वॉल, ग्राउण्ड का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। कलेक्टर श्री सिंह ने सरसवाही से लौटते समय सिविल लाईन गायत्री नगर के रेल्वे अण्डर ब्रिज का भी निरीक्षण किया। उन्होने नगर निगम के अधिकारियों को अण्डर ब्रिज में भरने वाले पानी की निकासी की व्यवस्था करने के निर्देश दिये।

