कलेक्टर और एसपी ने चित्रकूट पहुंचकर अतिवृष्टि प्रभावित क्षेत्रों का किया निरीक्षण
(सतना) मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान में बस में बैठकर मझगवां पहुंचे कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस, पुलिस अधीक्षक हंसराज सिंह, डीएफओ मयंक चांदीवाल सहित वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों ने शिविर के पश्चात चित्रकूट पहुंचकर अतिवृष्टि और मंदाकिनी नदी की बाढ से प्रभावित क्षेत्रों का मुआयना किया। उन्होंने मंदाकिनी नदी के भरत घाट और नदी के तटीय निचले इलाकों में भ्रमण कर नदी के जल स्तर का जायजा लिया। कलेक्टर ने मंदाकिनी नदी के तट पर स्वदेश दर्शन योजना के तहत पर्यटन विभाग द्वारा किये जा रहे विकास कार्यो का भी अवलोकन किया। उन्होंने स्थानीय रहवासियों से बातचीत कर अतिवृष्टि से प्रभावित क्षति का भी आंकलन किया।
कामदगिरी परिक्रमा मार्ग के निर्माण कार्यो का निरीक्षण
चित्रकूट में अतिवृष्टि प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण करने के पश्चात कलेक्टर ने चित्रकूट के समग्र विकास के अंतर्गत पर्यटन विभाग द्वारा कामदगिरी परिक्रमा मार्ग में किये जा रहे निर्माण कार्यो का निरीक्षण किया। पुलिस अधीक्षक, डीएफओ, सीईओ जिला पंचायत एवं अपर कलेक्टर के साथ कलेक्टर ने पीली कोठी से लेकर कामतानाथ द्वितीय मुखार बिन्दु तक परिक्रमा मार्ग में पैदल चलकर किये जा रहे परिक्रमा नवीनीकरण और फर्शीकरण के कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को परिक्रमा के शेष रहे कार्यो को दो माह की समयावधि में अनिवार्य रूप से पूर्ण कर लेने के निर्देश दिये ताकि आगामी दीवाली मेला के अवसर पर चित्रकूट आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सर्वसुविधायुक्त परिक्रमा मार्ग मिल सके।
