शासकीय कन्या महाविद्यालय में स्वच्छता, पोषण एवं महिला स्वच्छता जागरूकता पर कार्यक्रम आयोजित

(कटनी)  “सेवा संकल्प अभियान” के अंतर्गत शासकीय कन्या महाविद्यालय, कटनी में मंगलवार को राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के तत्वावधान में स्वच्छता, पोषण एवं महिला स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. चित्रा प्रभात के मार्गदर्शन एवं राष्ट्रीय सेवा योजना प्रभारी डॉ. शिल्पी सिंह के संयोजन में किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्‍ज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय की छात्राओं को स्वच्छता, संतुलित पोषण, व्यक्तिगत स्वास्थ्य तथा महिला स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में स्वास्थ्य के प्रति सजगता विकसित करने के साथ-साथ स्वच्छ एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. उमा निगम एवं उनकी टीम उपस्थित रहीं। उनके द्वारा महाविद्यालय की छात्राओं का विस्तृत स्वास्थ्य परीक्षण एवं स्वास्थ्य संबंधी जांच की गई। जांच के दौरान जिन छात्राओं में किसी प्रकार की पोषण संबंधी कमी अथवा स्वास्थ्य संबंधी समस्या के संकेत पाए गए, उन्हें आवश्यक सावधानियों एवं उचित उपायों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। छात्राओं को संतुलित आहार, पर्याप्त मात्रा में पानी का सेवन, स्वच्छता बनाए रखने, नियमित दिनचर्या तथा स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया गया।

महिला स्वच्छता के विषय पर छात्राओं को विशेष रूप से व्यक्तिगत स्वच्छता, मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता एवं स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी गई। छात्राओं को बताया गया कि स्वास्थ्य संबंधी किसी भी समस्या को नजरअंदाज न करते हुए समय पर उचित चिकित्सकीय परामर्श लेना चाहिए। साथ ही, पोषण की कमी से बचने के लिए आयरन, प्रोटीन, विटामिन एवं अन्य आवश्यक पोषक तत्वों से युक्त संतुलित आहार लेने पर भी जोर दिया गया।

इस अवसर पर छात्राओं ने स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि स्वच्छता, सही पोषण और स्वास्थ्य जागरूकता स्वस्थ एवं सशक्त समाज की आधारशिला हैं।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में राष्ट्रीय सेवा योजना की स्वयंसेवी छात्राओं एवं महाविद्यालय के संबंधित सदस्यों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। कार्यक्रम का उद्देश्य केवल स्वास्थ्य परीक्षण तक सीमित न रहकर छात्राओं में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता, आत्मनिर्भरता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना रहा।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें