लेखा प्रशिक्षणार्थियों की विभागीय परीक्षा 29 नवंबर को भोपाल में प्रस्तावित आवेदन पत्र 13 अक्टूबर शाम 6 बजे तक लेखा प्रशिक्षण शाला, सागर में जमा करना अनिवार्य
(टीकमगढ़) आयुक्त, कोष एवं लेखा, मध्यप्रदेश भोपाल द्वारा जारी सूचना के अनुसार लेखा प्रशिक्षण शाला के प्रशिक्षणार्थियों हेतु विभागीय परीक्षा वर्ष 2026 का आयोजन 29 नवंबर 2026 को यूआईटी, राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, भोपाल में किया जाना प्रस्तावित है।इस संबंध में सागर संभाग के समस्त कार्यालय प्रमुखों को सूचित किया गया है कि नियमित रूप से लेखा प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे लिपिक वर्गीय शासकीय कर्मचारियों के परीक्षा आवेदन पत्र निर्धारित प्रपत्र में तीन मूल प्रतियों में पूर्ण कराकर निर्धारित समय-सीमा में जमा कराएं।परीक्षा के लिए आवेदन पत्र 13 अक्टूबर 2026 को शाम 6 बजे तक कार्यालय प्राचार्य, लेखा प्रशिक्षण शाला, सागर में जमा करना अनिवार्य है। आवेदन पत्र प्रशिक्षणार्थी को स्वयं उपस्थित होकर जमा करने होंगे।आवेदन पत्र में त्रुटिपूर्ण जानकारी दिए जाने की स्थिति में संबंधित आवेदक एवं आवेदन अग्रेषित करने वाले अधिकारी की जिम्मेदारी निर्धारित की जाएगी। अतः सभी संबंधित प्रशिक्षणार्थियों एवं कार्यालय प्रमुखों से निर्धारित समय-सीमा का पालन सुनिश्चित करने की अपेक्षा की गई है।
