भक्ति और उल्लास का संगम: अल्ट्राटेक सीमेंट सरला नगर के रामलीला मैदान में विराजित हुईं मां दुर्गा, गूंज रही है भगवान श्रीराम की महिमा
मैहर। RPKP INDIA NEWS
मैहर अल्ट्राटेक सीमेंट (सरला नगर) के रामलीला मैदान में इस वर्ष भी नवरात्रि के पावन पर्व पर अद्भुत और भक्तिमय माहौल देखने को मिल रहा है। हर वर्ष की भांति इस बार भी पंडाल में मां दुर्गा अपनी पूरी भव्यता के साथ विराजमान हैं, जिनके साथ भगवान गणेश, माता लक्ष्मी और मां सरस्वती की प्रतिमाएं भी स्थापित की गई हैं। यह अलौकिक दरबार मैहर क्षेत्र के श्रद्धालुओं के लिए गहरी आस्था और आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।

माता रानी के दरबार में मां दुर्गा के साथ लक्ष्मी, गणेश और सरस्वती की मनमोहक मूर्तियों के दर्शन करने प्रतिदिन सैकड़ों भक्त पहुंच रहे हैं। माँ दुर्गा आरती में प्रबंधन की तरफ से शिवम उपाध्याय , बृजेन्द्र तिवारी , सत्य देव सिंह , एवं इंटक यूनियन के सभी पदाधिकारी उपस्थित रहे।
शारदेय नवरात्र के पावन अवसर पर ‘मां शारदा आदर्श रामलीला अयोध्या धाम’ के प्रसिद्ध कलाकारों द्वारा रामलीला का बेहद सजीव और भव्य मंचन किया जा रहा है। सरला नगर और आसपास के ग्रामीण इलाकों से बड़ी संख्या में लोग रोजाना शाम को रामलीला का आनंद उठाने और मां के चरणों में शीश नवाने पहुंच रहे हैं। प्रतिदिन संध्या के समय आरती के बाद जब रामलीला का मंचन शुरू होता है, तो पूरा रामलीला मैदान जय श्रीराम और जय माता दी के जयकारों से गूंज उठता है।
यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था को मजबूत कर रहा है, बल्कि क्षेत्र के लोगों में सांस्कृतिक एकता और भाईचारे का संदेश भी दे रहा है। यदि आप इस भव्य आयोजन का हिस्सा बनना चाहते हैं, तो सपरिवार पहुंचकर मां दुर्गा के दर्शनों का लाभ लें और अयोध्या धाम के कलाकारों द्वारा प्रस्तुत हो रही रामलीला का आनंद अवश्य उठाएं।
✍️ सुनील कुमार दाहिया
RPKP INDIA NEWS
सरला नगर,मैहर
