मां शारदा की महिमा पर सजा काव्य का मंच, देशभर के कवि हुए शामिल
विधायक श्री चतुर्वेदी, कलेक्टर श्रीमती मुखर्जी रहे उपस्थित
मैहर। RPKP INDIA NEWS
मां शारदा देवी की पावन नगरी मैहर में सोमवार की संध्या मां शारदा की महिमा पर आधारित भव्य काव्य पाठ का आयोजन किया गया। मां शारदा मंदिर के समीप स्थित बंधा बैरियर प्रांगण में आयोजित इस साहित्यिक कार्यक्रम में देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए आमंत्रित कवियों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से ज्ञान की देवी मां शारदा की महिमा का गुणगान किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी एवं कलेक्टर श्रीमती बिदिशा मुखर्जी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। अपर कलेक्टर रोशन राय, एडीएम श्रीमती दिव्या पटेल, सतीश मिश्रा, सत्यभान सिंह, विश्वनाथ चौरसिया, कुलदीप तिवारी सहित गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अतिथियों द्वारा वरिष्ठ शिक्षक जनों का श्रीफल एवं साल सहित पुष्पगुच्छ से सम्मानित किया गया इसके पश्चात काव्य पाठ में पद्मश्री बाबूलाल दाहिया, हास्य-व्यंग्यकार रविशंकर चतुर्वेदी, कवि एवं व्यंग्यकार संतोष पाण्डेय ‘ओज’, रमेश प्रताप सिंह चारी, गीतकार तेजभान सिंह ‘तेज’, हास्य गीतकार तामेश्वर शुक्ल ‘तारक’ तथा गीत-गजलकार श्रीमती दीपा गौतम सहित अन्य आमंत्रित रचनाकारों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। कवियों ने अपनी काव्य रचनाओं के माध्यम से मां शारदा के प्रति श्रद्धा, भक्ति और आस्था के भावों को प्रभावशाली ढंग से अभिव्यक्त किया।

धार्मिक आस्था और साहित्यिक परंपरा के संगम के रूप में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य मां शारदा की महिमा का गुणगान करने के साथ ही साहित्य एवं काव्य संस्कृति को प्रोत्साहित करना रहा। कवियों की प्रस्तुतियों ने आयोजन को भक्तिमय और साहित्यिक रंगों से सराबोर कर रहे हैं।
✍️ सुनील कुमार दाहिया
RPKP INDIA NEWS
सरला नगर,मैहर
