दीपावली से पहले पूरा करें पीपा पुल का निर्माण कार्य-शीलेन्द्र सिंह
कमिश्नर ने किया चित्रकूट के प्रमुख स्थानों में चल रहे जनसुविधा के कार्यो का निरीक्षण
(सतना) रीवा संभाग के कमिश्नर श्री शीलेन्द्र सिंह ने गुरूवार को चित्रकूट में मंदाकिनी नदी के हनुमान धारा रोड स्थित क्षतिग्रस्त पुल के समीप कड़ीयन घाट, भैरोबाबा मंदिर के पास बनाए जा रहे पीपा पुल निर्माण, कामदगिरी परिक्रमा पथ सहित प्रमुख स्थलों में चल रहे जनसुविधा के कार्यो का निरीक्षण किया। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि दीपावली मेले के मद्देनजर पीपा पुल का निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में दीपावली से पहले अनिवार्य रूप से पूरा कराएं, ताकि श्रद्धालुओं एवं आमजन को आवागमन में सुविधा मिल सके।
पर्यटक बंगला से हनुमान धारा की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग पर पुराने पुल के मंदाकिनी की बाढ से क्षतिग्रस्त हो जाने पर मंदाकिनी नदी में उस पार जाने के लिए वैकल्पिक रूप से पीपा पुल बनाया जा रहा है। इसी प्रकार कमिश्नर रीवा संभाग ने भरत घाट से कामदगिरी पर्वत, कामतानाथ तक के मार्ग का जायजा लिया। उन्होंने कामदगिरी परिक्रमा में कराये जा रहे परिक्रमा पथ फर्शीकरण कार्य का भी अवलोकन किया। उन्होंने मध्यप्रदेश के हिस्से में आने वाले परिक्रमा पथ का फर्शीकरण कार्य 20 अक्टूबर तक पूर्ण करने के निर्देश दिये। उन्होंने प्राचीन मंदिर से रामजानकी महल मंदिर तक परिक्रमा मार्ग में पैदल भ्रमण कर निर्माण कार्य का निरीक्षण किया।
उन्होंने कार्यकारी एजेंसी, पर्यटन विभाग और संबंधित ठेकेदार को सख्त हिदायत दी कि यह कार्य आगामी 3-4 दिन में कम्पलीट करें। इसके अलावा बिहारी मंदिर के पास का शेष रहा 100 मीटर का परिक्रमा पथ पैच भी दीपावली के पूर्व पूर्ण कराने का प्रयास करें। इस अवसर पर सतना कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस, पुलिस अधीक्षक हंसराज सिंह, अपर कलेक्टर विकास सिंह, एसडीएम महिपाल सिंह गुर्जर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
