Kota Bus Accident: कोटा बस हादसे पर CM मोहन यादव ने जताया दुख, मृतकों के परिजनों को मिलेंगे ₹4-4 लाख
भोपाल से खाटू श्यामजी जा रही मिनी बस दुर्घटनाग्रस्त, मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सहायता और हरसंभव सहयोग के निर्देश दिए
मध्य प्रदेश| भोपाल। राजस्थान के कोटा में भोपाल से खाटू श्यामजी जा रही एक मिनी बस के दुर्घटनाग्रस्त होने से हुई जनहानि पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने शनिवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए इस घटना को बेहद दुखद और पीड़ादायक बताया।
मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की सहायता
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राज्य शासन की ओर से भोपाल और बैतूल जिले के निवासी मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं। इसके साथ ही प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने को भी कहा गया है।
घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना
मुख्यमंत्री ने बाबा महाकाल से दिवंगत आत्माओं की शांति और शोकाकुल परिवारों को इस कठिन समय में दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। उन्होंने हादसे में घायल लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की।
कोटा में हुए इस हादसे से प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने सहायता और सहयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

